अन्ना हजारे की बिगड़ी तबीयत, किडनी में इंफेक्शन से जूझ रहे, मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती
डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही
उन्हें महाराष्ट्र के रालेगणसिद्धि से मुंबई लाया गया है
हाल ही में NEET पेपर लीक को लेकर चर्चा में रहे थे
सामाजिक सुधार के लिए लंबे समय से जाने जाते हैं
समाज सेवक अन्ना हजारे की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। डॉक्टर गौतम भंसाली ने बताया कि अन्ना हजारे फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। ANI की जानकारी के मुताबिक, अन्ना हजारे किडनी में इंफेक्शन की समस्या से जूझ रहे हैं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें महाराष्ट्र के रालेगणसिद्धि से मुंबई लाया गया। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पिछले हफ्ते अस्पताल में हुए थे भर्ती
अन्ना हजारे को पिछले सप्ताह यूरिन से जुड़ी परेशानी के चलते शिरूर के वेदांत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब तीन दिन इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था। हालांकि, उनका क्रिएटिनिन लेवल बढ़ गया, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मुंबई शिफ्ट करने का फैसला किया।
NEET पेपर लीक प्रदर्शन को समर्थन
अन्ना हजारे हाल ही में NEET पेपर लीक मामले को लेकर भी चर्चा में रहे थे। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत करने और उनकी चिंताओं का समाधान करने की अपील भी की थी।
2011 में मिली थी देशभर में पहचान
अन्ना हजारे भ्रष्टाचार विरोधी और सामाजिक सुधार अभियानों के लिए लंबे समय से जाने जाते हैं। साल 2011 में मजबूत लोकपाल कानून की मांग को लेकर किए गए उनके भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन और भूख हड़ताल ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई थी।