जालंधर पुलिस थाने में जन्मदिन सेलिब्रेशन का वीडियो वायरल, वर्दी में केक काटते दिखे पुलिसकर्मी
सोशल मीडिया रील बनाने का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा
मुंशी कमलदीप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
वीडियो में पुलिस थाने में कार की डिक्की खोलकर गाने बजाए गए
एक बार फिर वर्दी में वीडियो बनाने को लेकर चर्चा तेज हो गई है
जालंधर
जालंधर में पुलिस थानों और चौकियों में सोशल मीडिया रील बनाने का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। अब रामा मंडी थाने के मुंशी कमलदीप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अपने साथियों के साथ थाने में जन्मदिन सेलिब्रेट करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में पुलिस थाने में कार की डिक्की खोलकर गाने बजाए जा रहे हैं। इसके बाद वर्दी पहने पुलिसकर्मियों के चेहरे पर केक लगाकर जन्मदिन मनाया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों के वर्दी में सोशल मीडिया रील बनाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
इससे पहले थाना नंबर-5 के इंस्पेक्टर राणा यादविंदर का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था। कांग्रेस नेता अंगद दत्ता ने इस मामले को लेकर पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव को ई-मेल के जरिए शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इंस्पेक्टर राणा यादविंदर ने पुलिस की आधिकारिक वर्दी में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मनोरंजन और गानों से जुड़े वीडियो व रील्स अपलोड किए।
वर्दी में रील्स की रोक के बावजूद बढ़ रहा क्रेज
पुलिसकर्मियों के वर्दी में सोशल मीडिया वीडियो बनाने को लेकर अधिकारियों की ओर से रोक के निर्देश दिए जाने की बात कही जा रही है। इसके बावजूद जालंधर में पुलिसकर्मियों के रील और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने के मामले सामने आ रहे हैं। अब रामा मंडी थाने का यह वीडियो वायरल होने के बाद एक बार फिर पुलिस विभाग के सोशल मीडिया इस्तेमाल और वर्दी में वीडियो बनाने को लेकर चर्चा तेज हो गई है।