बैंक जाने से पहले पढ़ें ये खबर! 25 सितंबर के बाद लगातार 5 दिन बैंकिंग सेवाएं रहेंगी प्रभावित
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया
हड़ताल से पहले 26 सितंबर शनिवार और 27 सितंबर को साप्ताहिक अवकाश रहेगा
हड़ताल को देखते SBI और PNB समेत प्रमुख बैंकों ने ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी
चेक क्लियरेंस, ड्राफ्ट, कैश जमा व निकासी जैसे जरूरी काम 25 सितंबर तक निपटा लें
नई दिल्ली
देशभर के सरकारी और कुछ निजी बैंकों में अगले सप्ताह लगातार 5 दिनों तक बैंकिंग कामकाज प्रभावित रह सकता है। बैंक कर्मचारियों के संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल से पहले 26 सितंबर शनिवार और 27 सितंबर रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। ऐसे में बैंक शाखाओं में लगातार पांच दिनों तक कामकाज प्रभावित हो सकता है। सामान्य बैंकिंग सेवाएं इसके बाद ही सुचारू होने की उम्मीद है।
डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी जारी
हड़ताल को देखते हुए SBI और PNB समेत कई प्रमुख बैंकों ने ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। बैंकों ने ग्राहकों से अपील की है कि चेक क्लियरेंस, ड्राफ्ट, कैश जमा और निकासी जैसे जरूरी काम 25 सितंबर तक निपटा लें। बैंक शाखाएं बंद रहने के दौरान ATM, UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं जारी रखने की कोशिश की जाएगी। हालांकि, छुट्टी के कारण ATM में कैश की कमी हो सकती है।
क्या हैं बैंक कर्मचारियों की मांगें?
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में हफ्ते में पांच दिन बैंकिंग, पेंशन में संशोधन, पेंशन व्यवस्था में सुधार और सभी बैंक कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना यानी OPS का विकल्प शामिल है। हाल ही में श्रम आयुक्त की मध्यस्थता में हुई बातचीत बेनतीजा रही। वहीं, वित्त मंत्रालय ने यूनियनों से हड़ताल वापस लेकर बातचीत के जरिए मांगों का समाधान करने की अपील की है।