अमृतसर में 12 वर्षीय किशन की संदिग्ध हालात में मौत, परिवार ने जताया साजिश का शक
अमृतसर के शिव नगर इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब घर में अकेले मौजूद 12 वर्षीय किशन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में मातम का माहौल है।
मृतक के पिता अशोक पाल ने बताया कि वह मीट की दुकान पर काम करते हैं और आमतौर पर दोपहर में काम के लिए निकलते हैं। घटना वाले दिन घर में प्लंबिंग का काम होना था, इसलिए वह एक प्लंबर के साथ घर आए थे। जब वह ऊपर पहुंचे तो अपने इकलौते बेटे किशन को चुन्नी से बने फंदे पर लटका देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पिता के मुताबिक, काम पर जाने से पहले किशन ने उनके लिए खाना बनाया था और उनसे खाना खाकर जाने की जिद की थी। इसके बाद उसने ऑनलाइन मंगवाया गया नया रिमोट अपने पिता को दिखाया और कोल्ड ड्रिंक पीने की इच्छा जताई। पिता ने उसके लिए ड्रिंक मंगवाई और फिर काम पर चले गए।
अशोक पाल का कहना है कि उनका बेटा अभी महज 12 साल का था और खेलने-कूदने की उम्र में था। उन्होंने बताया कि किशन पर पढ़ाई का कोई दबाव या तनाव नहीं था और वह अपनी इच्छा से स्कूल और ट्यूशन जाता था। परिवार की किसी से दुश्मनी होने से भी उन्होंने इनकार किया है। हालांकि, पिता ने घटना के पीछे किसी गड़बड़ी या साजिश की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है।
पुलिस अधिकारी ADCP वनीला ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शुरुआती मेडिकल जांच में बच्चे की गर्दन पर फंदे के निशान पाए गए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पूछताछ के लिए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।