लुधियाना में 15 साल के बच्चे की स्विमिंग पूल में नहाने के बाद मौत, दोस्त भी CPR देकर नहीं बचा पाए
घटना 29 अगस्त की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है
परिजनों के अनुसार हृदय संबंधी समस्या थी, हालांकि हालत काफी सुधर चुकी थी
होश में लाने और सीपीआर देने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी
परिवार अनुसार बच्चे को खुश रखने के लिए समान्य जीवन जीने की आजादी दी थी
लुधियाना
लुधियाना में 15 वर्षीय वंश की स्विमिंग पूल में नहाने के बाद किनारे बैठे-बैठे ही अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना 29 अगस्त की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार वंश ने पूल में दो बार डुबकी लगाई और फिर बाहर आकर किनारे बैठ गया। कुछ देर बाद वह असहज महसूस करने लगा और उठकर चलने की कोशिश की। बाद में स्विमिंग पूल के गार्ड को बुलाया गया।
होश में लाने और सीपीआर देने की कोशिश
चलते समय वह लड़खड़ाने लगा और वापस अपने दोस्त के पास पहुंचकर दीवार से सिर टिकाकर खड़ा हो गया। इसी दौरान वह बेहोश होने लगा, जिसे उसके दोस्त ने संभालने की कोशिश की। कुछ सेकंड बाद वंश पूरी तरह गिर गया। इसी बीच उसके दोस्तों ने शोर मचाकर मदद के लिए लोगों को बुलाया। बच्चों ने उसे होश में लाने और सीपीआर देने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
अक्सर दोस्तों के साथ स्विमिंग करने जाता था
परिजनों के अनुसार वंश को पहले से हृदय संबंधी समस्या थी, हालांकि उसकी हालत काफी हद तक सुधर चुकी थी। वह अक्सर अपने दोस्तों के साथ स्विमिंग करने जाता था। घटना वाले दिन भी वह दोस्तों के साथ पूल पहुंचा था। परिवार का कहना है कि बच्चे को खुश रखने के लिए उसे सामान्य जीवन जीने की पूरी आजादी दी गई थी। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।