जिन कोचों में अत्यधिक जंग या क्षरण पाया जाएगा, उन्हें तुरंत हटाया जाएगा
देशभर में सभी ICF कोचों के लिए विशेष सुरक्षा अभियान की होगी शुरूआत
रेलवे वर्कशॉप्स का एक महीने के भीतर विस्तृत सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा
जिनकी मरम्मत पर अधिक खर्च होगा, उन्हें बाहर करने पर जोर दिया जाएगा
लुधियाना
दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी (कटड़ा) जा रही स्पेशल ट्रेन के कोच में दरार के बाद रेलवे सतर्क हो गया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए रेलवे मंत्रालय ने देशभर में चल रहे सभी आईसीएफ कोचों के लिए विशेष सुरक्षा अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत अगले सात दिनों के भीतर सभी कोचों की सघन जांच की जाएगी। जिन कोचों में अत्यधिक जंग या क्षरण पाया जाएगा, उन्हें तुरंत सेवा से हटाया जाएगा।
निरीक्षण प्रक्रिया में शामिल वरिष्ठ अधिकारी
रेलवे ने वरिष्ठ अधिकारियों को भी निरीक्षण प्रक्रिया में शामिल किया है। मुख्यालय, वर्कशॉप और मंडल स्तर के अधिकारी स्वयं ग्राउंड पर जाकर दोबारा जांच करेंगे। इसके अलावा स्टाफ को संवेदनशील हिस्सों की पहचान के लिए विशेष तकनीकी वीडियो के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एक महीने के भीतर विस्तृत सेफ्टी ऑडिट
अब जंग और क्षरण की पहचान के लिए इंडोस्कोपी कैमरा और अल्ट्रासोनिक थिकनेस गेज जैसे आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल अनिवार्य किया गया है। साथ ही देशभर की रेलवे वर्कशॉप्स का एक महीने के भीतर विस्तृत सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा।
स्क्रैप व मेंटेनेंस नीति में बदलाव कर रहा
रेलवे अपनी स्क्रैप और मेंटेनेंस नीति में भी बदलाव कर रहा है। जिन कोचों में अत्यधिक जंग होगी या जिनकी मरम्मत पर अधिक खर्च आएगा, उन्हें सुधारने के बजाय सीधे सेवा से बाहर करने पर जोर दिया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।