Several children fell ill at a prominent school

पटियाला के नामी स्कूल में कई बच्चों की तबीयत बिगड़ी, फूड पॉइजनिंग की आशंका; 5 अस्पताल में भर्ती

Written by:

Yug Nayyar

Last Updated: September 01 2026 12:03:58 PM

पटियाला के एक नामी स्कूल के कुछ छात्रों की अचानक तबीयत खराब होने का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बच्चों में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है

पटियाला के नामी स्कूल में कई बच्चों की तबीयत बिगड़ी फूड पॉइजनिंग की आशंका 5 अस्पताल में भर्ती

पटियाला के नामी स्कूल में कई बच्चों की तबीयत बिगड़ी, फूड पॉइजनिंग की आशंका; 5 अस्पताल में भर्ती

पटियाला: पटियाला के एक नामी स्कूल के कुछ छात्रों की अचानक तबीयत खराब होने का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बच्चों में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने दी जानकारी

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल 5 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य बच्चों की तबीयत मामूली रूप से प्रभावित होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और संबंधित अधिकारियों को कुछ घंटों के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बच्चों की तबीयत खराब होने की असली वजह क्या थी।

स्कूल से बाहर गए थे बच्चे

डॉ. बलबीर सिंह के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि बच्चे स्कूल से बाहर गए थे। ऐसे में संभावना है कि उन्होंने बाहर से कुछ खाया हो। हालांकि, बच्चों के बीमार होने का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

उन्होंने कहा कि अगर जांच में यह पता चलता है कि बच्चों ने स्कूल के बाहर किसी स्थान पर खाना खाया था, तो स्वास्थ्य विभाग उस जगह की भी जांच करेगा।

खाने से लेकर सफाई व्यवस्था तक होगी जांच

स्वास्थ्य विभाग बच्चों द्वारा खाए गए भोजन के साथ-साथ संबंधित स्थान के वातावरण और साफ-सफाई की भी जांच करेगा। खाने की गुणवत्ता, भोजन तैयार करने की जगह और वहां अपनाए जा रहे स्वच्छता मानकों को भी जांच के दायरे में रखा जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अस्पताल में भर्ती बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है और सभी बच्चे ठीक बताए जा रहे हैं।

स्कूलों में साफ-सफाई पर जोर

डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजाब में जहां भी बच्चों के लिए खाना तैयार किया जाता है, वहां साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। खाना बनाने की जगह साफ-सुथरी होनी चाहिए और भोजन तैयार करने वाले लोगों को स्वच्छता के सभी नियमों का पालन करना चाहिए।

उन्होंने हाथों की सफाई, साफ बर्तनों और स्वच्छ वातावरण को भोजन तैयार करने और परोसने के दौरान बेहद जरूरी बताया।

बच्चों को हाथ धोने की आदत डालने की अपील

स्वास्थ्य मंत्री ने बच्चों को खाना खाने से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने की आदत डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि उंगलियों के बीच भी हाथों की अच्छी तरह सफाई करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि बचपन में डाली गई अच्छी आदतें पूरी जिंदगी साथ रहती हैं, इसलिए बच्चों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है।

5 बच्चों का अस्पताल में चल रहा इलाज

मंत्री ने बताया कि फिलहाल 5 बच्चे मणिपाल ग्रुप के अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, सरकारी राजिंदरा अस्पताल में भी बच्चों के इलाज के लिए पूरे इंतजाम किए गए हैं।

माता-पिता को सरकारी अस्पताल में इलाज की सुविधा के बारे में जानकारी दी गई है, हालांकि बच्चे का इलाज कहां करवाना है, इसका फैसला माता-पिता अपनी इच्छा और सुविधा के अनुसार कर सकते हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। अगर जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related to this topic: