पटियाला की चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्रों का भारी हंगामा, कैंपस में तोड़फोड़, पुलिस चौकी इंचार्ज से हाथापाई
सोशल मीडिया पर फैली कथित अफवाहों के बाद माहौल तनावपूर्ण
कैंपस में ‘भूत’ होने और दो छात्राओं के कथित लापता होने की चर्चा
थाना बनूड़, थाना सदर राजपुरा और सिटी राजपुरा पुलिस मौके पर
चौकी इंचार्ज अजय कुमार के साथ धक्का-मुक्की के आरोप भी लगे
छात्रों द्वारा लगाए आरोपों के बाद चौकी इंचार्ज का मेडिकल परीक्षण
पुलिस मौके पर और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही
पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने CCTV की जांच का दिया भरोसा
फिल्हाल स्थिति शांतिपूर्ण व सभी बच्चे सुरक्षित : DSP सुखदेव सिंह
पटियाला
पटियाला की चितकारा यूनिवर्सिटी में 25 सितंबर की देर रात सोशल मीडिया पर फैली कथित अफवाहों के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। कैंपस में ‘भूत’ होने और दो छात्राओं के कथित तौर पर लापता होने की चर्चाओं के बीच बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर थाना बनूड़, थाना सदर राजपुरा और थाना सिटी राजपुरा की पुलिस मौके पर पहुंची, जहां छात्रों और पुलिस के बीच झड़प होने की बात सामने आई है। इस दौरान एक सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचा तथा चौकी इंचार्ज अजय कुमार के साथ धक्का-मुक्की के आरोप भी लगे। वहीं, छात्रों द्वारा लगाए आरोपों के बाद चौकी इंचार्ज का मेडिकल परीक्षण करवाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
‘भूत’ की अफवाह से शुरू हुआ मामला
हंगामे के बीच छात्रों में यह चर्चा भी फैल गई कि कैंपस में पहले किसी छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या की थी और उसका ‘भूत’ हॉस्टल में छात्रों को परेशान कर रहा है। हालांकि, यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस ने ऐसी किसी आत्महत्या की घटना से इनकार किया है। प्रशासन के मुताबिक, रात के समय कुछ शरारती तत्व दूसरे छात्रों के कमरों के दरवाजे खटखटाकर वहां से भाग जाते थे। इसी तरह की घटनाओं के चलते कैंपस में अफवाह फैलने की बात सामने आई है।
2 छात्राओं के लापता होने की भी चर्चा
मामले के दौरान दो छात्राओं के लापता होने की बात भी सामने आई। सोशल मीडिया पर इससे संबंधित पोस्ट किए जाने की जानकारी मिली है। हालांकि, मौके पर पहुंचे डीएसपी सुखदेव सिंह ने कहा कि अभी तक किसी छात्रा का नाम या पहचान सामने नहीं आई है। पुलिस ने छात्रों से शिकायतें ली हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। छात्रों से मिली जानकारी का वेरिफिकेशन किया जाएगा। यदि कोई छात्रा वास्तव में लापता पाई जाती है तो पूरी जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों को दिया सुरक्षा का भरोसा
डीएसपी सुखदेव सिंह ने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि यूनिवर्सिटी में फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है और सभी बच्चे सुरक्षित हैं। पुलिस मौके पर मौजूद है और कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने रात के समय कमरों के दरवाजे खटखटाने तथा अफवाह फैलने से जुड़ी घटनाओं की CCTV फुटेज की जांच करने का भरोसा दिया है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए और अपने-अपने हॉस्टल लौट गए।