मेडिकल इमरजेंसी के कारण गंभीर हुई महिला, किसी हिंसा के संकेत नहीं मिले
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे सही कारणों का खुलासा
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चा जन्म के समय जीवित था या मृत
पुलिस महिला के स्वास्थ्य में सुधार का इंतजार कर रही ताकि बयान दर्ज हो सके
पंजाब डेस्क
कनाडा के हैलिफैक्स (Halifax) इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जन्म के तुरंत बाद एक नवजात शिशु की मौत हो गई और उसका शव जंगल में बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने पंजाबी मूल के एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि महिला की हालत प्रसव के दौरान हुई मेडिकल इमरजेंसी के कारण गंभीर हुई है, किसी हिंसा के संकेत फिलहाल नहीं मिले हैं। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और वह अभी भी अस्पताल में भर्ती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जो मौत के सही कारणों का खुलासा करेगी।
अस्पताल ने तुरंत पुलिस को सूचना दी
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:40 बजे 23 साल की महिला को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। जांच के दौरान डॉक्टरों को पता चला कि महिला ने हाल ही में बच्चे को जन्म दिया है, लेकिन नवजात उसके साथ नहीं था। इस पर अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला और उसके पति से पूछताछ शुरू की, लेकिन महिला उस समय अपने बच्चे के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकी। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चा जन्म के समय जीवित था या मृत।
पुलिस और वॉलंटियर टीमों ने की सर्च
इसके बाद पुलिस और वॉलंटियर टीमों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। रविवार दोपहर करीब 3:20 बजे हैलिफैक्स के बाहर ओल्ड कोच रोड के जंगल से एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। पुलिस ने मामले में महिला रमनदीप कौर (26) और उसके पति सुखप्रीत सिंह (23) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर बच्चे के शव को छिपाने, पुलिस को गुमराह करने और शव के अनादर जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस फिलहाल महिला के स्वास्थ्य में सुधार का इंतजार कर रही है ताकि उसका बयान दर्ज किया जा सके।