अमृतसर में कुछ घंटों के अंतराल में दो हत्याएं, ASI और Zomato डिलीवरी युवक को गोलियों से भूना
अमृतसर में कुछ ही घंटों के अंतराल में गोलीबारी की दो वारदातों ने लोगों में दहशत पैदा कर दी। अज्ञात हमलावरों ने अलग-अलग घटनाओं में पंजाब पुलिस के एक ASI और एक 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।
कोट खालसा में Zomato डिलीवरी युवक की हत्या
इस्लामाबाद थाना क्षेत्र के कोट खालसा पुलिस चौकी से करीब 50 कदम की दूरी पर गुरुवार रात करीब 10:50 बजे एक युवक को गोली मार दी गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय साहिल गिल के रूप में हुई है, जो Zomato में डिलीवरी का काम करता था।
जानकारी के अनुसार, एक्टिवा पर सवार दो युवक मौके पर पहुंचे और साहिल पर गोलियां चला दीं। इनमें से एक गोली साहिल के सीने के पास लगी। गंभीर हालत में उसे अमृतसर के अमनदीप अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
ड्यूटी के दौरान ASI हरजीत सिंह की हत्या
वहीं, दूसरी वारदात गेट हकीमां इलाके में सामने आई, जहां ड्यूटी के दौरान पंजाब पुलिस के ASI हरजीत सिंह की अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
हरजीत सिंह तरनतारन के रहने वाले थे और गेट हकीमां थाना क्षेत्र के तहत भगतांवाला अनाज मंडी के पास ड्यूटी पर तैनात थे। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 2:30 बजे पुलिस कर्मचारियों पर फायरिंग की गई। इस दौरान ASI हरजीत सिंह को तीन गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पहले भी पुलिसकर्मियों को बनाया जा चुका है निशाना
बताया जा रहा है कि अमृतसर क्षेत्र में पुलिस कर्मचारियों को निशाना बनाए जाने की यह ताजा घटना है। इससे पहले मजीठा इलाके में ASI जोगा सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी। वहीं, राजासांसी इलाके में हुई एक अन्य फायरिंग की घटना में ASI जसवंत सिंह को निशाना बनाया गया था, हालांकि वह बाल-बाल बच गए थे और उन्हें मामूली चोट लगी थी।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई जारी है।