लुधियाना में तेज रफ्तार कार ने 5 गाड़ियों को मारी टक्कर, 2 व्यक्तियों की हालत गंभीर
सफेद रंग की टियागो ई-कार ने सड़क पर भारी तबाही मचा दी
अनियंत्रित हुई ई-कार ने एक के बाद एक जोरदार टक्कर मारी
इस भीषण सड़क हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये
वहीं घायलों में से दो की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है
सीसीटीवी फुटेज में हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर ट्रैफिक सुचारू करवाया है
थाना सलेम टाबरी ने आरोपी कार चालक को हिरासत में लिया
आरोपी कार चालक का मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है
लुधियाना
लुधियाना में तेज रफ्तार और लापरवाही का एक दिल दहला देने वाला मंजर देखने को मिला, जहां तेज रफ्तार सफेद रंग की टियागो ई-कार ने सड़क पर भारी तबाही मचा दी। शहर के बहादुरके रोड पर अनियंत्रित होकर काल बनकर दौड़ी इस इलेक्ट्रिक कार ने एक साइकिल सवार, एक बाइक, एक एक्टिवा और 2 ई-रिक्शा को एक के बाद एक जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें लहूलुहान हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों में से दो की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। वहीं सूचना मिलते ही थाना सलेम टाबरी ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है।
दर्दनाक हादसे का लाइव सीसी फुटेज भी
इस दर्दनाक हादसे का एक लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर हर किसी की रूह कांप उठे। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। फुटेज में दिख रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार हवा में तीन गुलाटियां खाते हुए करीब 30 फीट दूर जाकर सड़क पर गिरा। इसके तुरंत बाद बेकाबू कार ने आगे चल रहे दो ई-रिक्शा और एक एक्टिवा को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही एक ई-रिक्शा सड़क पर बुरी तरह पलट गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
कार चालक पर नशे में धुत होने का आरोप
ई-रिक्शा चालक जतिंदर पाल सिंह के सिर पर गहरे घाव हैं और पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। कार चालक ने पलक झपकते ही एक सेकंड के भीतर मोटरसाइकिल और फिर उनके ई-रिक्शा में सीधी टक्कर मार दी। जतिंदर पाल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हादसे के बाद आरोपी कार चालक कार से बाहर तक नहीं निकल पा रहा था। वह नशे में इतना धुत था कि अपने पैरों पर खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पलटे हुए ई-रिक्शा के नीचे दबे लोगों और सड़क पर पड़े घायलों को बाहर निकाला।
पुलिस ने आरोपी कार चालक को पकड़ा
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर ट्रैफिक को सुचारू करवाया और आरोपी कार चालक को कार सहित मौके पर ही काबू कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है ताकि शराब या अन्य किसी नशे की पुष्टि की जा सके। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने और लोगों की जान जोखिम में डालने की गंभीर धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।