जालंधर में बारिश से तापमान में गिरावट, मौसम हुआ सुहावना, मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट
मौसम में पिछले 2 से 3 दिनों में बदलाव देखने को मिल रहा है
वहीं पंजाब के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है
तेज बारिश, गरज के साथ छींटे और बिजली गिरने की आशंका
24 घंटों में शहर में 185 मिलीमीटर (लगभग 7 इंच) बारिश दर्ज
जालंधर :
जालंधर समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में देर रात से हो रही बारिश के कारण मौसम बेहद खुशनुमा हो गया है। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आज पंजाब में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम में पिछले 2 से 3 दिनों में बदलाव देखने को मिल रहा है। वहीं पंजाब के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। जालंधर में रात 1 से 2 बजे के बीच बारिश होनी शुरू हुई, जो कुछ देर बाद रुक रुक लगातार होती रही। राज्य के 11 जिलों में पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश, गरज के साथ छींटे और बिजली गिरने की आशंका है।
अमृतसर में बारिश से टूटा दशकों पुराना रिकॉर्ड
अमृतसर में बारिश ने पिछले कई दशकों के आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है। बीते 24 घंटों में शहर में 185 मिलीमीटर (लगभग 7 इंच) बारिश दर्ज की गई। इस आंकड़े के साथ ही 22 जुलाई 1948 को दर्ज की गई 184.9 मिमी बारिश का 78 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया है। हालांकि, अगर अमृतसर के इतिहास की बात करें तो जुलाई के महीने में 24 घंटे के भीतर सबसे अधिक बारिश का सर्वकालिक रिकॉर्ड 10 जुलाई 1881 को बना था, जब शहर में 396.2 मिमी बारिश हुई थी।
तापमान में भारी गिरावट, बठिंडा रहा सबसे गर्म
बारिश के कारण राज्य भर में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली है। अमृतसर और पठानकोट में अधिकतम तापमान औसतन 0.6 डिग्री सेल्सियस गिरकर सामान्य से 2.6 डिग्री नीचे चला गया है। वर्तमान में पंजाब के सभी जिलों में पारा 35.6 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। राहत की इस लहर के बीच बठिंडा जिला राज्य में सबसे गर्म दर्ज किया गया, हालांकि वहां भी तापमान नियंत्रण में रहा।
बारिश के आसार, मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने पंजाब के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राज्य के कुल 20 जिलों में बारिश होने की प्रबल संभावना है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।