आखिरी विकेट गिरते ही कप्तान और पूरी टीम खुशी से झूम उठीं
साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहला खिताब अपने नाम किया
वर्ल्ड कप जीतने के साथ ही भारत महिला टीम पर पैसों की बारिश
ICC ने दिया टीम के चैंपियन बनने पर 4.48 मिलियन डॉलर का ईनाम
शेफाली को ऑलराउंड परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द फाइनल
मैच का रुख बदलने वाली दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना
खेल डेस्क

47 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। आखिरी विकेट गिरते ही कप्तान हरमनप्रीत कौर और पूरी टीम खुशी से झूम उठी। टीम इंडिया ने रविवार को फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार विमेंस वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया।
वर्ल्ड कप जीतने के साथ ही भारत महिला टीम पर पैसों की बारिश भी हुई।
ICC ने दिए 39 करोड़ के ईनाम
ICC ने टूर्नामेंट जीतने वाली टीम इंडिया को चैंपियन बनने पर 4.48 मिलियन डॉलर का ईनाम दिया। अगर इसे भारतीय रुपयों में देखें तो यह 39.55 करोड़ रुपए बनती है। यह अबतक के इतिहास की सबसे बड़ी ईनामी राशि है जो किसी महिला टीम को दी गई हो। साल 2022 के विश्वकप के मुकाबले यह ईनामी राशि 4 गुना ज्यादा है।
BCCI टीम को देगा 51 करोड़
इस शानदार उपलब्धि के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने महिला टीम के लिए एक अभूतपूर्व नकद पुरस्कार की घोषणा की है। बीसीसीआई अब पूरी टीम, खिलाड़ियों, कोचों और सहयोगी स्टाफ को प्रोत्साहन के तौर पर पूरे 51 करोड़ रुपये देगा।
अफ्रीका 246 रन पर ऑलआउट
डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। भारत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 298 रन बनाए। साउथ अफ्रीका टीम 246 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने लगातार दूसरा शतक जमाया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं।
शेफाली वर्मा और दीप्ति बनीं हीरो
शेफाली वर्मा ने 87 रन की दमदार पारी खेली और दो अहम विकेट झटके, जबकि दीप्ति शर्मा ने 58 रन का योगदान देते हुए शानदार गेंदबाजी की और 5 बहुमूल्य विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया। शेफाली को ऑलराउंड परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द फाइनल, जबकि दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
किसी फॉर्मेट में पहली ICC ट्रॉफी
यह जीत भारतीय महिला टीम की किसी भी फॉर्मेट में पहली ICC ट्रॉफी है। भारत ने 2005 और 2017 में भी फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन खिताब जीतने से चूक गया था। इस बार टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराने के बाद फाइनल में साउथ अफ्रीका को शिकस्त दी।
1978 में पहली बार हिस्सा लिया था
विमेंस वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत 1973 में हुई थी। भारत ने 1978 में पहली बार इसमें हिस्सा लिया था। 47 साल बाद भारत को पहली बार खिताब मिला है। 2000 में न्यूजीलैंड ने आखिरी बार यह ट्रॉफी जीती थी। उससे पहले सिर्फ ऑस्ट्रेलिया (7 बार) और इंग्लैंड (4 बार) ही चैंपियन बन पाए थे।