म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बड़ी खबर सामने आई है।
बताया जा रहा है कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) को ड्रग्स के खिलाफ अपने अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है।
एजेंसी ने मशहूर पंजाबी गायक और 36 किलो अफीम की तस्करी के एक पुराने मामले में 10 साल से भगोड़े आरोपी जागीर सिंह उर्फ बाज सरन को गिरफ्तार कर लिया है।
हरियाणा के सिरसा निवासी जागीर सिंह उर्फ़ 'बाज' 2016 में ड्रग्स के एक मामले में पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
मनोरंजन :-

उस समय उसके खिलाफ 36 किलो 150 ग्राम अफीम की तस्करी का मामला दर्ज किया गया था। फरार होने के बाद, जागीर सिंह ने अपना नाम और पहचान बदलकर सोशल मीडिया पर एक गायक के रूप में नई शुरुआत की।
उसने अलग-अलग नामों से गाने बनाए और उन्हें यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया। उसके गानों को लाखों लोगों ने देखा और सुना, जिससे वह एक लोकप्रिय कलाकार बन गया। अपनी नई पहचान के कारण, किसी को उस पर शक नहीं हुआ।
एनसीबी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए।
उसकी तस्वीरें अखबारों में छपीं और उस पर 50,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया। आखिरकार बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एनसीबी अधिकारियों के अनुसार, यह गिरफ्तारी ड्रग्स के खिलाफ चल रही जंग में एक अहम कदम है।
एक दशक से भी ज़्यादा समय से अपनी असली पहचान छिपाकर खुलेआम धंधा कर रहा आरोपी अब कानून के शिकंजे में है।