पंजाब में 37 साल के बाद की सबसे बड़ी बाढ़, 9 जिले आए बाढ़ की चपेट में, गुरदासपुर में बांध टूटा
अब तक 9 जिले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं, कई इलाकों में घरों से लेकर खेतों तक पानी भर गया
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 1988 की बाढ़ में पंजाब में 11 लाख 20 हजार क्यूसेक पानी आया था
बाढ़ के कहर के बीच पंजाब में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही, 15 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग द्वारा सावधान रहने की अपील की जा रही हैं क्योंकि पंजाब पर खतरा मंडरा रहा है
सरकार ने मौजूदा हालात को देखते स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छुट्टियां घोषित कर दी
डिप्टी कमिश्नर की लोगों से अपील-सोशल मीडिया पर फैल रही बाढ़ की झूठी खबरों से घबराए नहीं
प्रशासन की टीमें फील्ड पर तैनात और अगलेे तीन दिन तक हालात पर लगातार नज़र रखी जा रही है
किसी समस्या या आपात स्थिति में नागरिक हेल्पलाइन नं. 0181-2240064 पर संपर्क कर सकते हैं
पंजाब डेस्क :
पंजाब में लगातार बारिश और बाढ़ का कहर बढ़ता ही जा रहा है। वही अब तक 9 जिले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। कई इलाकों में घरों से लेकर खेतों तक पानी भर गया है। वही इसे 37 साल के बाद इतिहास की सबसे बड़ी बाढ़ माना जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 1988 की बाढ़ में पंजाब में करीब 11 लाख 20 हजार क्यूसेक पानी आया था। उधर, गुरदासपुर के घोनेवाले में धुस्सी बांध टूट गया। इसके चलते पानी करीब 15 किलोमीटर दूर अजनाला शहर तक पहुंच गया। इस बाढ़ की वजह से 80 गांव पानी में डूब गए हैं। बाढ़ के कहर के बीच पंजाब में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी बीच मौसम विभाग द्वारा नया अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग द्वारा 15 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रशासन ने लोगों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया।
लोगों को सावधानी बरतनेे की अपील
ताजा जानकारी के अनुसार जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, अमृतसर, तरनतारन, लुधियाना, गुरदासपुर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, चंडीगढ़, एस.ए.एस. नगर, एस.बी.एस. नगर, फरीदकोट और मोगा में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा लोगों को सावधान रहने की अपील की जा रही हैं क्योंकि पंजाब पर खतरा मंडरा रहा है। पंजाब के कई जिलों में बाढ़ से भारी नुकसान हो गया है और लोगों को अपने घरों को छोड़ना पड़ रहा है।
1988 के बाद अबकी सबसे बड़ी बाढ़
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 1988 की बाढ़ में पंजाब में करीब 11 लाख 20 हजार क्यूसेक पानी आया था। इस बार अब तक 14 लाख 11 हजार क्यूसेक पानी आ चुका है। इसे इतिहास की सबसे बड़ी बाढ़ माना जा रहा है। पंजाब के 9 जिले इस समय बाढ़ की मार झेल रहे हैं। इनमें फाजिल्का, फिरोजपुर, कपूरथला, पठानकोट, तरनतारन, होशियारपुर, मोगा, गुरदासपुर और बरनाला शामिल हैं। लेकिन जालंधर, कपूरथला और फगवाड़ा में 31 अगस्त की रात से ही भारी बारिश हो रही है।
स्कूल व कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा

पंजाब सरकार ने एक बार फिर से स्कूलों में छुट्टियों की घोषणा की है। इस दौरान अब पंजाब में सभी स्कूल 3 सितम्बर 2025 तक बंद रहेंगे। वही अब एक नई अपडेट आई है कि अब सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी छुट्टियां घोषित कर दी गई है। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने ट्वीट कर लिखा कि राज्य के सभी कॉलेजों/विश्वविद्यालयों/पॉलीटेक्निकल कॉलेजों में तत्काल प्रभाव से 3 सितंबर, 2025 तक छुट्टियां घोषित की जाती हैं।
जालंधर डीसी ऑफिस में जलभराव
वही जालंधर में देर रात से जारी भारी बारिश के चलते जालंधर शहर में कई इलाकों में पानी भर गया है। देर रात डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने जनता से अपील की कि सोशल मीडिया पर फैल रही बाढ़ की झूठी खबरों से घबराए नहीं और स्पष्ट किया कि अब तक जिले में ऐसी कोई घटना दर्ज नहीं हुई है। लेकिन दूसरी तरफ डीसी ऑफिस में पानी भर गया है। उधर, डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने सुबह तड़के शहर का दौरा कर जल निकासी व्यवस्था का जायज़ा लिया।
प्रशासन का हेल्पलाइन नंबर जारी
वहीं डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने लोगों से अपील की है कि वे घबराए नहीं। प्रशासन की सभी टीमें फील्ड पर तैनात हैं और हालात पर लगातार नज़र रखी जा रही है। किसी भी समस्या या आपात स्थिति में नागरिक हेल्पलाइन नंबर 0181-2240064 पर संपर्क कर सकते हैं। आपको बता दें कि मौसम विभाग ने अगले 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है।