7 लोगों की मौत हुई, अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका
खुशखेड़ा के करौली इंडस्ट्रलियल इलाके में सुबह 9.30 बजे हादसा
इलाके में अफरा-तफरी मची व आसपास के लोग दहशत में आए
फायर ब्रिगेड की गाड़ियाें ने काफी हद तक आग पर काबू पा लिया
रेस्क्यू टीम फंसे लोगों की तलाश कर रही, सुरक्षा इंतजाम बढ़ाए गए
नेशनल डेस्क
राजस्थान के भिवाड़ी में एक केमिकल फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट होने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोगों के अभी भी अंदर फंसे होने की आशंका है। हादसा खुशखेड़ा के करौली इंडस्ट्रियल एरिया में सुबह करीब साढ़े 9 बजे हुआ। उस समय फैक्ट्री में करीब 25 कर्मचारी काम कर रहे थे। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं और काफी हद तक आग पर काबू पा लिया गया है। रेस्क्यू टीम अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रही है। घायलों को पास के अस्पतालों में भेजा गया है। फैक्ट्री परिसर को घेरकर बचाव अभियान जारी है और सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिए गए हैं।
कई शव कंकाल में हुए तब्दील
एसडीएम सुमिता मिश्रा के अनुसार फैक्ट्री राजेंद्र नामक व्यक्ति की बताई जा रही है। धमाका इतना भीषण था कि कई शव बुरी तरह जल गए, कुछ के सिर्फ कंकाल ही मिले हैं। रेस्क्यू टीम बॉडी पार्ट्स इकट्ठा कर रही है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती आशंका केमिकल रिएक्शन या सुरक्षा चूक की जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद होगी।