नशा तस्करों ने AAP सरपंच पर चलाई गोलियां, बाल-बाल बची जान, धारदार हथियारों से भी किया हमला
अमृतसर के जंडियाला गुरु के पास शुक्रवार देर शाम वारदात
एक गोली साजन का कंधा छूते निकली, जिससे बच गई जान
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण पाया
पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर लिए, एफआईआर दर्ज की गई
पुलिस ने हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी की बात कही
पंजाब डेस्क :
अमृतसर के जंडियाला गुरु के पास शुक्रवार देर शाम नशा तस्करों ने आम आदमी पार्टी के सरपंच पर गोलियां चला दीं। साथ ही पंचायत सदस्य व उनके साथियों पर तेजधार हथियारों से हमला किया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और उनके आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है।
दातर से हमला और फायरिंग
हमलावर अपने साथ कुछ और साथी लेकर पहुंचे और पंचायत सदस्य व उनके साथियों पर तेज हथियारों से हमला कर दिया। तस्करों के साथ आए युवकों ने फायरिंग की। एक गोली साजन सिंह के कंधे को छूते निकल गई, जिससे जान बच गई। इस बीच ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।
चेतावनी से गुस्से में आ गए
पंचायत सदस्य ने बताया कि गांव में कुछ लोग लंबे समय से नशे का कारोबार कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया और तस्करों को चेतावनी दी कि यह गैरकानूनी काम बंद करें, तो वे गुस्से में आ गए। पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही है।