सेना, बीएसएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से सीमावर्ती इलाकों में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया
आतंकी संगठन घने कोहरे, कड़ाके की ठंड और दुर्गम इलाकों का फायदा उठाकर कर सकते घुसपैठ की कोशिश
जम्मू सीमा के कुछ हिस्से भौगोलिक रूप से संवेदनशील माने जाते हैं, इसलिए यहां सुरक्षा बलों की सतर्कता बढ़ाई
सांबा जिले के बाबर नाला, पालोरा, त्रेयाल, मनसर और चिल्ला डांगा क्षेत्रों में घर-घर तलाशी व सघन सर्चिंग हो रही
घनी आबादी वाले इलाकों में स्निफर डॉग और मेटल डिटेक्टर से हथियार, विस्फोटक और गोला-बारूद की तलाश
जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर में आतंकी घुसपैठ की बढ़ती आशंकाओं के बीच सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा कदम उठाया है। सेना, बीएसएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से सीमावर्ती इलाकों में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। यह अभियान बॉर्डर एरिया के 80 से अधिक गांवों में चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, खुफिया एजेंसियों से इनपुट मिले थे कि आतंकी संगठन घने कोहरे, कड़ाके की ठंड और दुर्गम इलाकों का फायदा उठाकर घुसपैठ की कोशिश कर सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा बलों ने सर्चिंग और निगरानी तेज कर दी है। जम्मू सीमा के कुछ हिस्से बिना बाड़ के हैं और भौगोलिक रूप से संवेदनशील माने जाते हैं, जिस कारण यहां सुरक्षा बलों की सतर्कता और बढ़ा दी गई है।
जम्मू बन रहा है घुसपैठ का नया रास्ता
कश्मीर घाटी में घुसपैठ के ज्यादातर मार्ग बाड़बंदी और आधुनिक निगरानी सिस्टम के कारण बंद हो चुके हैं। ऐसे में आतंकी संगठन जम्मू क्षेत्र को वैकल्पिक रास्ते के तौर पर इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह अभियान रविवार को उस समय और तेज कर दिया गया जब मजालता के जंगलों में दो आतंकियों के एक घर से खाना लेकर जंगल की ओर भागने की सूचना मिली। बताया गया कि आतंकी शाम 6:30 बजे चोरे मोतु गांव में मंगतु राम के घर पहुंचे थे।
इन इलाकों में जारी है तलाशी अभियान
जम्मू, सांबा, कठुआ और राजौरी जैसे संवेदनशील सीमावर्ती जिलों में जवान घर-घर तलाशी ले रहे हैं। सांबा जिले के बाबर नाला, पालोरा, त्रेयाल, मनसर और चिल्ला डांगा क्षेत्रों में सघन सर्चिंग की जा रही है। अखनूर सेक्टर के प्रगवाल और आसपास के गांवों में भी सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। गणतंत्र दिवस को देखते हुए श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम के आसपास एंटी-सैबोटेज चेकिंग की। साथ ही लाल चौक स्थित क्लॉक टावर समेत आसपास के इलाकों में भी सघन तलाशी ली गई।
स्निफर डॉग व मेटल डिटेक्टर से तलाशी
जम्मू जिले के पंसर, मनियारी, पहाड़पुर, तप्पन, मरीड़, तरनाह नाला, बैन नाला और किशनपुर कांडी सहित कई गांवों में तलाशी अभियान जारी है। वहीं श्रीनगर के अमीराकदल और महाराजा बाजार जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में स्निफर डॉग और मेटल डिटेक्टर की मदद से हथियार, विस्फोटक और गोला-बारूद की तलाश की जा रही है। राजौरी के थानामंडी और मंजाकोट क्षेत्रों में भी व्यापक ऑपरेशन चल रहा है।
बीएसएफ का दावा-72 आतंकी लॉन्च पैड फिर सक्रिय
बीते महीने बीएसएफ अधिकारियों ने दावा किया था कि भारत की ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद नुकसान झेलने के बावजूद पाकिस्तान ने जम्मू क्षेत्र के सामने करीब 72 आतंकी लॉन्च पैड दोबारा सक्रिय कर दिए हैं। इनमें से 12 लॉन्च पैड अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सियालकोट और जफरवाल सेक्टर में, जबकि करीब 60 लॉन्च पैड एलओसी के पास बताए गए हैं। इसके बाद से सीमा पर निगरानी और कड़ी कर दी गई है।