दारुलअमान, अरजान कीमत, खैरखाना और काबुल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास हमले किए
एक बड़े अस्पताल को भी निशाना बनाए जाने की बात कही जा रही है, जिसमें भारी तबाही हुई है
अफगान क्रिकेटर राशिद खान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और संयुक्त राष्ट्र से निष्पक्ष जांच की मांग की
सीमा पर बढ़ते संघर्ष के चलते हालात जंग जैसे हो गए हैं और लाखों लोग घर छोड़ने को मजबूर
नई दिल्ली
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार रात पाकिस्तान द्वारा एयरस्ट्राइक किए जाने का दावा सामने आया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी एयरफोर्स के लड़ाकू विमानों ने शहर के कई इलाकों दारुलअमान, अरजान कीमत, खैरखाना और काबुल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास हमले किए। इन हमलों में एक बड़े अस्पताल को भी निशाना बनाए जाने की बात कही जा रही है, जिसमें भारी तबाही हुई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले में करीब 400 लोगों की मौत और 250 से अधिक के घायल होने की खबर है। धमाकों और गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई।
काबुल के नशा मुक्ति अस्पताल पर बमबारी
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सेना ने काबुल के एक नशा मुक्ति अस्पताल पर बमबारी की, जिसे उन्होंने “मानवता के खिलाफ अपराध” बताया। वहीं पाकिस्तान की ओर से इन आरोपों को खारिज किया गया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने कहा कि किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया।
2000 बेड वाले अस्पताल को गंभीर नुकसान
अफगान अधिकारियों के मुताबिक, हमला रात करीब 9 बजे हुआ और 2000 बेड वाले अस्पताल को गंभीर नुकसान पहुंचा। मौके पर पहुंचे रेस्क्यू टीमों ने कई शव बाहर निकाले, जबकि कुछ हिस्सों में आग भी लगी रही। इससे पहले भी पाकिस्तान ने कंधार में एयरस्ट्राइक कर आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया था। जवाब में अफगानिस्तान की ओर से भी कार्रवाई की गई, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है।
संयुक्त राष्ट्र से निष्पक्ष जांच की मांग की गई
इस घटना पर अफगान क्रिकेटर राशिद खान ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी और संयुक्त राष्ट्र से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों, घरों, स्कूलों और अस्पतालों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत गंभीर अपराध है। सीमा पर बढ़ते संघर्ष के चलते हालात जंग जैसे हो गए हैं और लाखों लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।