The YouTuber called children to a studio in Mumbai

मुंबई में स्टूडियो में बच्चों को ऑ़डिशन के लिए बुलाया

Written by:

Nischal Nayyar

Last Updated: October 30 2025 07:12:13 PM

मुंबई में स्टूडियो में बच्चों को ऑ़डिशन के लिए बुलाया फिर Youtuber ने 15-20 बच्चों को बना लिया बंधक

मुंबई में स्टूडियो में बच्चों को ऑ़डिशन के लिए बुलाया

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है 

जब बच्चे खिड़कियों से बाहर झांकते दिखे, तो बाहर लोगों में घबराहट फैल गई

पुलिस की एक बड़ी टीम मौके पर पहुंची और स्टूडियो को चारों ओर से घेर लिया

पुलिस टीम ने सूझबूझ से काम लिया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया

नेशनल डेस्क

सपनों की महानगरी मुंबई के आर ए स्टूडियो में वीरवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक्टिंग ऑडिशन के लिए पहुंचे बच्चों को स्टूडियो के ही एक कर्मचारी ने बंधक बना लिया। यह घटना तब हुई जब ऑडिशन के लिए लगभग 100 बच्चे स्टूडियो पहुंचे थे। स्टूडियो में काम करने वाले और यूट्यूब चैनल चलाने वाले रोहित आर्य नामक व्यक्ति ने अचानक 15 से 20 बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया। हालांकि, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

स्टूडियो में ऑडिशन के बहाने रोका

बताया जा रहा है कि रोहित आर्य पिछले चार-पाँच दिनों से स्टूडियो में ऑडिशन ले रहा था। आज उसने शुरुआत में लगभग 80 बच्चों को जाने दिया, लेकिन बाकी 15 से 20 बच्चों को कमरे में ही रोक लिया। जब बच्चे खिड़कियों से बाहर झांकते दिखे, तो बाहर मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई। तुरंत ही पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस की एक बड़ी टीम मौके पर पहुंची और स्टूडियो को चारों ओर से घेर लिया।

आरोपी ने जारी किया एक वीडियो

पुलिस को मौके पर देखकर आरोपी रोहित आर्य ने एक वीडियो भी जारी किया। उसने वीडियो में कहा कि वह आत्महत्या करने के बजाय यह कदम उठा रहा है। उसने दावा किया कि उसकी कुछ मांगें हैं और वह कुछ लोगों से बात करना चाहता है। उसने स्पष्ट किया कि उसकी कोई पैसे की मांग नहीं है। हालांकि, रोहित ने यह धमकी भी दी कि यदि उसे उकसाया गया तो वह बच्चों को नुकसान पहुंचा सकता है।

पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित बचाया

कुछ ही देर बाद पुलिस टीम ने सूझबूझ से काम लिया और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद आरोपी रोहित आर्य को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने पुष्टि की है कि सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुलिस अब रोहित से पूछताछ कर रही है कि उसने ऐसा खतरनाक कदम क्यों उठाया और क्या वह मानसिक रूप से अस्थिर है। इस घटना ने मुंबई में सुरक्षा और बच्चों की संरक्षा को लेकर चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

Related to this topic: