पिता सत्यजीत सिंह शेरगिल सीनियर आर्टिस्ट थे
उनके परिवार का कला जगत से गहरा नाता रहा
भोग और अंतिम अरदास का कार्यक्रम 14 को
मनोरंजन डेस्क
बॉलीवुड अभिनेता जिम्मी शेरगिल के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता सत्यजीत सिंह शेरगिल का 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। जिम्मी के पिता सत्यजीत सिंह शेरगिल खुद भी एक सीनियर आर्टिस्ट थे। उनके परिवार का कला जगत से गहरा नाता रहा है। सत्यजीत सिंह शेरगिल के लिए भोग और अंतिम अरदास का कार्यक्रम 14 अक्टूबर को रखा गया है। यह अरदास शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे तक मुंबई के सांताक्रूज वेस्ट स्थित गुरुद्वारा धन पोथोहर नगर में होगी।
बाल कटवा लिए और पगड़ी हटा दी
जिम्मी ने एक बार खुलासा किया था कि उनके पिता काफी सख्त मिजाज के थे और एक बचकाने फैसले के कारण उनका रिश्ता लगभग डेढ़ साल के लिए टूट गया था। चूंकि जिम्मी एक पंजाबी सिख परिवार से हैं, इसलिए पगड़ी पहनना उनके लिए जरूरी था। जब जिम्मी 18 साल की उम्र में हॉस्टल में थे, तो उन्हें बार-बार पगड़ी धोने में परेशानी होने लगी। बिना घरवालों को बताए उन्होंने अपने बाल कटवा लिए और पगड़ी हटा दी।
जिम्मी से डेढ़ साल तक बात नहीं की
जब वह छुट्टियों में घर लौटे तो उनके पिता इस बात से इतने नाराज़ हुए कि उन्होंने जिम्मी से पूरे डेढ़ साल तक बात नहीं की। जिम्मी ने कहा था, “तब मुझे नहीं पता था कि मैं एक्टर बनूंगा। मेरे इस बचपने पर घरवालों ने नाराज़गी जताई थी, क्योंकि हम सिख परिवार से हैं।” पिता-पुत्र के बीच की यह कड़वाहट समय के साथ खत्म हो गई थी, लेकिन सत्यजीत सिंह के निधन ने जिम्मी को गहरा सदमा दिया है।