पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और हरजोत सिंह बैंस बांधों को मजबूत करने के प्रयासों की अगुवाई कर रहे
मौजूदा धुसी बांध से 500 मीटर दूरी पर बनाए जा रहे नए अस्थायी रिंग बांध के निर्माण की नजदीकी निगरानी कर रहे हैं
भारतीय सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से की जा रही बड़ी पहल
श्री आनंदपुर साहिब में कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस सतलुज नदी के कमजोर बांधों को मज़बूत करने की निगरानी कर रहे हैं
रास सांसद संजय सिंह ने कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के साथ दौरा किया
जल संसाधन मंत्री ने लहरागागा हलके के मकरौड़ साहिब समेत घग्गर से सटे गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया
चंडीगढ़ :
बाढ़ की मौजूदा स्थिति से निर्णायक और सक्रिय तरीके से निपटने के लिए पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और हरजोत सिंह बैंस अपने-अपने जिलों में खुद मोर्चा संभालकर धुसी बांधों को मजबूत करने के प्रयासों की अगुवाई कर रहे हैं, ताकि लोगों को बाढ़ के खतरे से सुरक्षित रखा जा सके। लुधियाना जिले में कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ससराली में एक अहम और प्राथमिकता वाले प्रोजेक्ट की सीधी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे मौजूदा धुसी बांध से लगभग 500 मीटर की दूरी पर बनाए जा रहे नए अस्थायी रिंग बांध के निर्माण की नजदीकी निगरानी कर रहे हैं।
दरार पड़ने की कोई खबर नहीं
जिला प्रशासन की यह बड़ी पहल भारतीय सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से की जा रही है, ताकि क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा को और मज़बूत किया जा सके। कैबिनेट मंत्री मुंडियां की देखरेख में डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन और अधिकारियों की टीम जो पिछले दो दिनों से मौके पर तैनात है, द्वारा की जा रही है। डिप्टी कमिश्नर ने पुष्टि की कि मौजूदा धुसी बांध पूरी तरह मज़बूत और सुरक्षित है तथा कहीं भी दरार पड़ने की कोई खबर नहीं है। इसी तरह, रूपनगर जिले के श्री आनंदपुर साहिब हलके में कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस व्यक्तिगत तौर पर सतलुज नदी के कमजोर बांधों को मज़बूत करने की निगरानी कर रहे हैं। वे इस मौके पर स्वयं जाकर कमजोर स्थानों को जंबो बैगों से मज़बूत करने और सभी निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दे रहे हैं।
हालात काबू में आने की उम्मीद
हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि भाखड़ा डैम में पानी का स्तर 1679.05 फीट से घटकर 1678.66 फीट हो गया है, जिससे काफ़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग के अनुमान कम बारिश की ओर संकेत कर रहे हैं, जिससे हालात और काबू में आने की उम्मीद है। गुरदासपुर में, राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री व आम आदमी पार्टी प्रदेश प्रधान अमन अरोड़ा और लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के साथ डेरा बाबा नानक के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने शाहपुर जाजन पट्टी रामपुर गांव में बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री लेकर जाने वाली ट्रॉलियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद उन्होंने डेरा बाबा नानक क्षेत्र और श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर का दौरा कर बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा भी लिया।
बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद
कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने खन्ना से तीन ट्रक राशन और पशुओं का चारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए भेजा। स सौंद ने कहा, “इस मुश्किल समय में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद करना हमारा सबसे बड़ा फर्ज़ है।” जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने लहरागागा हलके के मकरौड़ साहिब समेत घग्गर नदी से सटे विभिन्न गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि नदी की निरंतर निगरानी के लिए 24 घंटे गश्त करने वाली टीमें तैनात की गई हैं और घग्गर नदी के किनारे बसे कस्बों और गांवों में पाँच राहत कैंप स्थापित किए गए हैं। सरकारी मशीनरी भी मंत्रियों के इन प्रयासों को और मज़बूत करने में अहम योगदान दे रही है। डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और एसएसपी रूपनगर गुलनीत सिंह खुराना की अगुवाई में रूपनगर जिले में लगातार निगरानी जारी है।