इनमें से 2 छत्तीसगढ़ के रायपुर, 2 मोहाली और 3 तरनतारन से पकड़े गए
आरोपियों को लोकल कोर्ट में पेशकर 14 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लिया
तरनतारन के सुखराज और गुरदासपुर के कर्मजीत सिंह ने गोली मारी थी
हत्या करने के बाद शूटर फरार हो गए थे जो पंजाब पुलिस ने किए अरेस्ट
अमृतसर
अमृतसर में आम आदमी पार्टी के सरपंच जरमल सिंह हत्याकांड को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 2 छत्तीसगढ़ के रायपुर, 2 मोहाली और 3 तरनतारन से पकड़े गए हैं। आरोपियों को पकड़कर पंजाब लाया जा रहा है। खुद इसकी जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने दी है। वहीं रायपुर में गिरफ्तार किए 2 आरोपियों को लोकल कोर्ट में पेशकर 14 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। जिसके बाद उन्हें पंजाब लाया जाएगा।
डीजीपी ने किया खुलासा, पुरानी रंजिश थी
डीजीपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि तरनतारन के सुखराज और गुरदासपुर के कर्मजीत सिंह ने ही सरपंच को शादी में गोली मारी थी। विदेश में बैठे हैंडलर ने यह मर्डर करवाया था, क्योंकि गैंगस्टर प्रभ दासुवाल के साथ सरपंच की पुरानी रंजिश थी।
4 जनवरी को शादी में सरेआम की फायरिंग
आपको बता दें कि तरनतारन के सरपंच जरमल सिंह अमृतसर में शादी में शामिल होने के लिए आए थे। इस दौरान 2 शूटर आए और उन्होंने सरेआम गोली मारकर सरपंच की हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद शूटर फरार हो गए थे। जिन्हें पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।