कार सवार ने समय रहते बाहर निकल अपनी जान बचाई
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची
क्रेन की मदद से जली कार को हटाकर साइड में करवाया
राहत की बात रही कि घटना में जानी नुकसान नहीं हुआ
जालंधर
जालंधर–अमृतसर हाईवे पर सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चौगिटी बाईपास स्थित अक्षरधाम मंदिर के बाहर एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कार में सवार व्यक्ति ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
क्रेन की मदद से जली कार साइड में करवाई
फायर ऑफिसर विशाल ने बताया कि कार में आग काफी ज्यादा फैल चुकी थी, जिस पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की दो गाड़ियों की मदद लेनी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। बाद में क्रेन की मदद से जली हुई कार को सड़क से हटाकर साइड में करवाया गया।
अचानक कार के बोनट से निकलने लगा धुआं
कार चालक अश्वनी कुमार ने बताया कि वह वेलम्मा पिंड चौक की ओर से आ रहा था। जैसे ही वह अक्षरधाम मंदिर के पास पहुंचा, अचानक कार के बोनट से धुआं निकलने लगा। उसने तुरंत कार रोककर बोनट खोलने की कोशिश की, लेकिन बोनट नहीं खुला। इसी दौरान कार में आग लग गई।
आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है
आग लगते देख पास की फैक्ट्री से दो युवक मदद के लिए आए और सिलेंडर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और कार चालक पूरी तरह सुरक्षित है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।