संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई और बैग्स की गहन जांच की गई
भीड़ का फायदा उठाकर शरारती तत्व चोरी करते हैं, इसलिए एहतियात ज़रूरी
सामान्य दिनों में रूटीन चेकिंग होती है, लेकिन होली के मद्देनज़र स्पेशल चेकिंग
एसपी ढिल्लों ने बताया कि दो शिफ्टों में कुल 100 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं
वहीं, ट्रेनों के जरिए ड्रग्स सप्लाई की आशंका को लेकर कड़ी निगरानी रखी गई
होली पर सुरक्षा में ढील नहीं दी जाएगी और रेलवे परिसरों में सख़्ती जारी रहेगी
जालंधर
होली का पर्व नज़दीक आते ही जालंधर में पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। इसी कड़ी में जीआरपी पुलिस ने डॉग स्क्वॉड टीम के साथ सिटी रेलवे स्टेशन पर विशेष तलाशी अभियान चलाया। संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई और बैग्स की गहन जांच की गई। अभियान की तस्वीरें भी सामने आई हैं। त्योहारों के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर शरारती तत्व चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं, इसलिए एहतियात ज़रूरी है।
आज चेकिंग में कोई संदिग्ध नहीं मिला
गुरविंदर ढिल्लों ने बताया कि सामान्य दिनों में भी रूटीन चेकिंग होती है, लेकिन होली के मद्देनज़र स्पेशल चेकिंग तेज़ की गई है। सिटी रेलवे स्टेशन के बाद कैंट रेलवे स्टेशन पर भी जांच की जाएगी। एसपी ने बताया कि दो शिफ्टों में कुल 100 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं सुबह 50 और शाम 50 जो शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। हालांकि आज चेकिंग में कोई संदिग्ध नहीं मिला।
पुलिस द्वारा कड़ी निगरानी रखी जा रही
वहीं, ट्रेनों के जरिए ड्रग्स की सप्लाई की आशंका को देखते हुए भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक NDPS एक्ट के 20 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 96 किलो चूरा पोस्त, 98 किलो गांजा और 8 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। साथ ही हथियारों से जुड़े 6 मामलों में एक पिस्टल, देसी कट्टा, 2 मैगजीन और 4 कमानीदार चाकू जब्त किए गए हैं।
होली पर सुरक्षा में ढील नहीं दी जाएगी
पिछले साल GRP ने NDPS एक्ट के 77 मामले दर्ज किए थे, जिनमें 40 किलो अफीम, 235 किलो चूरा पोस्त, 77.5 किलो गांजा, 950 ग्राम चरस, 435 ग्राम हेरोइन और नशीली गोलियां बरामद की गई थीं। इसके अलावा हथियारों के 22 मामलों में 25 पिस्टल, एक रिवॉल्वर, 3 देसी कट्टे, 45 कारतूस और 23 मैगजीन रिकवर की गई थीं। होली के दौरान सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी जाएगी और रेलवे परिसरों में लगातार सख़्ती जारी रहेगी।