Jalandhar: 13-year-old girl murdered

जालंधर में 13 साल की बच्ची का कत्ल मामला

Written by:

Nischal Nayyar

Last Updated: November 28 2025 04:23:49 PM

जालंधर में 13 साल की बच्ची का कत्ल मामला, कार्रवाई पर उठे सवाल, ACP और SHO पर परिवार ने लगाए आरोप

जालंधर में 13 साल की बच्ची का कत्ल मामला

परिवार अभी भी कार्रवाई को अधूरी बता रहा

चार में से सिर्फ तीन पर ही की गई कार्रवाई 

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप 

इन पुलिसकर्मियों से खतरा महसूस हो रहा है

हंसने-हंसाने का एक वीडियो भी सामने आया

जालंधर

जालंधर में 13 साल की बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस की कार्रवाई पर नए सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि पुलिस ने आरोपी ASI मंगत राम को बर्खास्त कर दिया है और दो PCR कर्मियों को सस्पेंड किया गया है, लेकिन परिवार अभी भी कार्रवाई को अधूरी बता रहा है। परिवार का आरोप है कि शव आरोपी के घर से बरामद होने के दौरान चार पुलिस कर्मियों ने लापरवाही की थी, मगर कार्रवाई सिर्फ तीन पर ही की गई। एक पुलिसकर्मी के खिलाफ अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। पीड़िता बच्ची की मां ने अब वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एसीपी और एसएचओ पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। मां ने यह भी कहा कि दोनों अधिकारी उनकी बेटी की मौत का मजाक उड़ाते रहे और उन्हें आज भी इन पुलिसकर्मियों से खतरा महसूस हो रहा है।

एसीपी और एसएचओ पर धमकाने के आरोप

पीड़ित बच्ची की मां ने अब वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में उन्होंने एसीपी (डीएसपी) गगनदीप सिंह और थाना रामामंडी के एसएचओ मनजिंदर सिंह पर धमकाने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। मां के अनुसार, दोनों अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर ASI मंगत राम और उसकी टीम के खिलाफ कार्रवाई की कोशिश की गई, तो परिवार के सरकारी नौकरी करने वाले सदस्य को नुकसान पहुंचाया जा सकता है।

हंसते पुलिसकर्मियों की वीडियो भी वायरल

घटना के समय पुलिस कर्मियों के मुस्कुराने और हंसने का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में महिलाएं पुलिस की कार्रवाई का विरोध कर रही थीं, जबकि कुछ अधिकारी गंभीर हालात में भी हंसते दिखाई दिए। पीड़ित मां ने यह शिकायत पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर को सौंपी है, जिसकी पुष्टि CP ने खुद की है। शिकायत की कॉपी राज्यपाल और DGP को भी भेजी गई है। CP धनप्रीत कौर ने जांच की जिम्मेदारी ADCP सिटी-2 हरिंदर सिंह गिल को सौंप दी है।

पुलिस अधिकारियों ने आरोपों से किया इंकार

मां का कहना है कि परिवार को पहले भी और बाद में भी लगातार डराया-धमकाया गया। उन्हें डर है कि संबंधित अधिकारियों के रहते केस को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। परिवार ने सभी आरोपी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। एसीपी गगनदीप सिंह ने कहा कि परिवार के साथ उनकी पूरी हमदर्दी है और उन्होंने कोई धमकी नहीं दी। एसएचओ मनजिंदर सिंह का भी कहना है कि उन्होंने केवल FIR दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई थी। 

Related to this topic: