भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पंजाब महासचिव और जालंधर के पूर्व मेयर राकेश राठौर ने पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर बात की।
नवजोत कौर सिद्धू के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देने के सवाल पर राठौर ने साफ कहा कि वह इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।
उन्होंने दो टूक कहा कि वह मिसेज सिद्धू के बयान पर प्रतिक्रिया देना उचित नहीं समझते।
जालंधर डेस्क :-
अकाली दल के साथ संभावित गठबंधन को लेकर उठ रही अटकलों पर राकेश राठौर ने कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब की सभी 117 सीटों पर लड़ने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने साफ किया कि गठबंधन होना या न होना पार्टी के लिए कोई समस्या नहीं है। यह निर्णय केंद्र नेतृत्व का होता है और केंद्र जो भी फैसला लेगा, वह उन्हें स्वीकार होगा। राठौर ने यह भी बताया कि फिलहाल इस संबंध में उन्हें कोई संदेश प्राप्त नहीं हुआ है।
पंजाब सरकार के खिलाफ चार्जशीट
पंजाब सरकार के खिलाफ चार्जशीट पेश करते हुए भाजपा पंजाब के जनरल सेक्रेटरी राकेश राठौर ने कहा कि पार्टी जल्द ही आम आदमी पार्टी (AAP) के विरुद्ध औपचारिक चार्जशीट दाखिल करने जा रही है। उन्होंने कहा कि AAP ने 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन अब यह सामने आ रहा है कि पार्टी उन वादों को निभाने में नाकाम रही है। राठौर के मुताबिक, “अब लोगों को पता चलना चाहिए कि आम आदमी पार्टी ने उन्हें ठगा है।”
राठौर ने दावा किया कि जिस तरह पंजाब सरकार काम कर रही है, उसके चलते 2027 के विधानसभा चुनाव में नतीजों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने दोहराया कि भाजपा सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। साथ ही कहा कि यदि केंद्र नेतृत्व अकाली दल के साथ गठबंधन का निर्णय लेता है तो उन्हें किसी तरह की आपत्ति नहीं होगी। हालांकि, इस संबंध में उन्हें अब तक कोई औपचारिक संदेश प्राप्त नहीं हुआ है।
AAP के खिलाफ BJP की चार्जशीट में 5 बड़े आरोप
1. झूठे वादों का आरोप—“इतिहास की सबसे बड़ा वादाखिलाफी”
जालंधर के पूर्व मेयर और पंजाब BJP के जनरल सेक्रेटरी राकेश राठौर ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने 2022 के चुनाव में ऐसे वादे किए थे, मानो सरकार बनने के बाद पंजाब पूरी तरह बदल जाएगा।
चार्जशीट में कहा गया है कि सरकार बनने के बाद AAP ने एक के बाद एक ठगी की और जनता से किए अधिकांश वादों को पूरा नहीं किया।
राठौर के अनुसार—
-
नशा मुक्त पंजाब का वादा अधूरा रहा।
-
महिलाओं को आज तक एक हजार रुपये नहीं मिल पाए।
-
किसानों को MSP देने का चुनावी वादा भी पूरा नहीं हुआ।
-
खराब फसलों का मुआवजा नहीं मिला।
-
पंजाब में भ्रष्टाचार चरम पर है; बड़े पुलिस अधिकारी और नेता तक पकड़े जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “अगर इतिहास में झूठे वादे करने वाली पार्टी का खिताब किसी को दिया जाए, तो वह AAP को मिलना चाहिए।”
2. “पंजाब में गैंगस्टर बढ़े, रोज गोलियां चल रहीं”
राठौर ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की हालत बेहद खराब है।
उन्होंने दावा किया कि—
-
गैंगस्टर घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
-
रोज फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं।
-
गैंगस्टर सोशल मीडिया पर खुलेआम धमकियां दे रहे हैं।
-
बसों पर गोलियां चलाने तक की घटनाएं हो रही हैं।
राठौर ने कहा कि हालात इतने खराब हैं कि “5–10 हजार रुपये देकर किसी की सुपारी दी जा सकती है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कच्चे मुलाजिमों को पक्का नहीं किया जा रहा और कर्मचारी लगातार धरनों पर बैठे हैं।
3. अवैध माइनिंग का 20 हजार करोड़ रुपए—“पैसा कहां गया?”
राठौर ने कहा कि AAP ने दावा किया था कि पंजाब में 20 हजार करोड़ रुपए की अवैध माइनिंग होती है और इसे रोककर प्रदेश की सूरत बदली जाएगी, लेकिन—
उन्होंने लैंड पुलिंग पॉलिसी में भी कुछ लोगों को फायदे पहुंचाने के आरोप लगाए।
4. बाढ़ के दौरान सरकार बैकफुट पर—“13 हजार करोड़ का हिसाब नहीं”
BJP नेता ने कहा कि जब पंजाब में बाढ़ आई, तब सरकार पूरी तरह बैकफुट पर दिखी।
उनके अनुसार—
-
डिज़ास्टर मैनेजमेंट फंड में पड़े 13,000 करोड़ रुपये का उपयोग नहीं किया गया।
-
पंजाब सरकार ने राहत कार्य में कोई ठोस योगदान नहीं दिया।
-
लोगों की मदद के लिए पंजाबी खुद एकजुट होकर आगे आए।
राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरदासपुर आकर किसानों से मुलाकात की और 1,600 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की, “लेकिन यह पैसा अब तक लोगों तक नहीं पहुंचा।”
5. नशा खत्म करने का वादा फेल—“लॉ एंड ऑर्डर ध्वस्त”
चार्जशीट में कहा गया कि—
-
नशा खत्म करने का वादा पूरी तरह नाकाम रहा।
-
युवा नशे की भेंट चढ़ रहे हैं, कई परिवार बर्बाद हो रहे हैं।
-
फिरोजपुर में RSS नेता की दिनदहाड़े हत्या इसका उदाहरण है।
-
गैरकानूनी हथियारों की भरमार हो गई है।
-
पुलिस गैंगस्टरों को पकड़ने की बजाय “बिचौलिया” बन गई है—20 लाख की मांग को 10 लाख में सेट करवा देती है।
-
थानों पर ग्रेनेड हमले तक हो रहे हैं, ऐसा पंजाब पहले कभी नहीं देखा गया।
राठौर ने कहा कि 92 सीटें जीतकर भी AAP सरकार पूरी तरह फेल हो गई है।
समिति–परिषद चुनाव: “नतीजे पहले से तय”
राठौर ने कहा कि आने वाले समिति और परिषद चुनावों का परिणाम पहले से ही साफ दिखाई दे रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि “कैंडिडेट्स से फाइलें छीनी जा रही हैं, इससे पता चलता है कि नतीजे क्या आने वाले हैं।”
इस दौरान जालंधर कैंट से पूर्व विधायक जगमीत बराड़ और अशोक सरीन भी मौजूद थे।