बिना वेतन के काम करने को मजबूर कर्मचारियों पर लगातार बढ़ रहा मानसिक और आर्थिक दबाव
कैलिफ़ोर्निया के लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट पर उड़ानों को औसतन 25 मिनट तक रनवे पर रोककर रखा
जबतक सरकारी गतिरोध समाप्त नहीं होता, उड़ानों में देरी और रद्दीकरण जारी रहेंगे : परिवहन सचिव
वहीं, यात्रा से पहले फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें व हवाई अड्डों पर लंबे इंतजार के लिए तैयार रहें
इंटरनेशनल डेस्क
अमेरिका में सरकारी शटडाउन के 27वें दिन का असर देश भर की हवाई सेवाओं पर बुरी तरह पड़ा है। सोमवार को पूरे देश में 4,000 से अधिक उड़ानें देरी से उड़ी और करीब 118 उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जिसके कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। अकेले रविवार को ही 8,700 से ज्यादा उड़ानें देर से रवाना हुई थीं। एयरलाइनों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस अवश्य जांच लें और हवाई अड्डों पर लंबे इंतजार के लिए तैयार रहें।
बिना सैलरी काम कर रहे काम
हवाई अड्डों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावरों में कर्मचारियों की भारी कमी देखी जा रही है। लगभग 13,000 एयर ट्रैफिक कंट्रोलर और 50,000 ट्रांसपोर्टेशन सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (TSA) अधिकारी बिना वेतन के काम करने को मजबूर हैं। वेतन न मिलने के बावजूद काम करने वाले इन कर्मचारियों पर मानसिक और आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है।
मुख्य एयरपोर्ट्स पर हो रही देरी
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने पुष्टि की कि स्टाफ की कमी के कारण दक्षिणपूर्वी राज्यों और न्यूर्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (न्यू जर्सी) में उड़ानों पर विशेष रूप से असर पड़ा है। वहीं कैलिफ़ोर्निया के लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों को औसतन 25 मिनट तक रनवे पर रोक कर रखा गया।
परिवहन सचिव ने जताई चिंता
अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने कर्मचारियों की मानसिक और आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कई अधिकारी तनख्वाह पर जीवनयापन करते हैं। अब वे ईंधन और बच्चों की देखभाल के खर्च को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक सरकारी गतिरोध समाप्त नहीं होता, उड़ानों में देरी और रद्दीकरण जारी रहेंगे।