चार जिलों में शीत लहर और कोल्ड-डे की स्थिति बन सकती है
मोहाली, नवांशहर, रूपनगर व पटियाला में ठंड का असर अधिक
राज्य में कम तापमान बठिंडा में 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया
दूसरी ओर अमृतसर और हलवारा में जीरो विजिबिलिटी दर्ज की
वहीं, अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में होगी गिरावट
पंजाब डेस्क
पंजाब के सभी जिलों में घने कोहरे की आशंका जताई गई है, जबकि चार जिलों में शीत लहर और कोल्ड-डे की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मोहाली, नवांशहर, रूपनगर और पटियाला में ठंड का असर अधिक रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री नीचे चला गया है। राज्य में कम तापमान बठिंडा में 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। हालांकि मौसम शुष्क बना रहेगा।
बठिंडा में 150 मीटर दृश्यता रिकॉर्ड
मौसम विभाग के अनुसार, अमृतसर और हलवारा में जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई, जबकि बल्लोवाल सौंखड़ी में 10 मीटर और बठिंडा में 150 मीटर दृश्यता रिकॉर्ड की गई। आज अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में बहुत घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
कहीं-कहीं घना कोहरा रह सकता है
वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर, रूपनगर, एसएएस नगर (मोहाली) और मालेरकोटला में कहीं-कहीं घना कोहरा रह सकता है।
12 जनवरी तक घने कोहरे का कहर
नवांशहर, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और राजस्थान से सटे फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा जिलों में कोल्ड-डे की स्थिति बनने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब में 12 जनवरी तक घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। अमृतसर में अधिकतम तापमान 11.8 डिग्री दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ व रूपनगर में तापमान कम
तापमान में सबसे अधिक गिरावट चंडीगढ़ और रूपनगर में दर्ज की गई है। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 5.3 डिग्री गिरकर 13.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि रूपनगर में 6.2 और होशियारपुर में 4.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। राज्य में अधिकतम तापमान 11.2 से 19.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
अगले तीन दिनों में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है, इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। 8 से 10 जनवरी तक कई जिलों में घना और कहीं-कहीं बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि मौसम शुष्क बना रहेगा।