27 सितंबर को हिमाचल में एक्सीडेंट हो गया था, जब वह अपनी बाइक से बद्दी से शिमला जा रहे थे
मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक होने के कारण वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था
लंबे समय तक डॉक्टरों की निगरानी और इलाज के बावजूद राजवीर की हालत में सुधार नहीं हुआ
‘कंगनी’ गाने से मशहूर हुए राजवीर ने कई पंजाबी गाने दिए, दर्शकों ने सिर उठाकर स्वीकार किया
शोक की लहर : सोशल मीडिया पर उनके फैंस और साथी कलाकार नम आखों से श्रद्धांजलि दे रहे
पंजाब डेस्क
पंजाबी संगीत जगत से आज एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर पंजाबी गायक राजवीर जवंदा अब हमारे बीच नहीं रहे। जानकारी के अनुसार, उन्होंने आज सुबह मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह पिछले 11 दिनों से वेंटिलेटर पर थे। पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पंजाबी एक्टर गुरप्रीत घुग्गी ने उनके निधन को लेकर सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर की है।
27 सितंबर को हादसा
राजवीर का 27 सितंबर को हिमाचल में एक्सीडेंट हो गया था, जब वह अपनी बाइक से बद्दी से शिमला जा रहे थे। इस हादसे में उनके सिर और रीड की हड्डी पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, शुरू में उनकी स्थिति में ज्यादा सुधार नहीं हुआ।
वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे
हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। लंबे समय तक डॉक्टरों की निगरानी और इलाज के बावजूद राजवीर जवंदा की हालत में सुधार नहीं हुआ। डॉक्टरों ने भी उनके ठीक होने की उम्मीद बेहद कम बताई थी। एमआरआई रिपोर्ट में दिमाग को हाइपोक्सिक नुकसान दिखा।
नम आखों से श्रद्धांजलि
इसके अलावा उनकी सर्वाइकल और डोरसल रीढ़ की हड्डी को गहरी चोटें आई हैं, जिससे उनके चारों अंगों में कमजोरी आ गई थी। उनकी मौत की खबर से पूरे पंजाबी संगीत जगत और उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर उनके फैंस और साथी कलाकार उन्हें नम आखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
ये गाने रहे मशहूर
गौरतलब है कि राजवीर जवंदा ‘कंगनी’ गाने से संगीत जगत में मशहूर हुए थे। इसके बाद उन्होंने दर्शकों को कई पंजाबी गाने दिए, जिन्हें दर्शकों ने सिर उठाकर स्वीकार किया, जिनमें ‘सरदारी’, ‘धीयां’, ‘जम्मे नाल दे’, ‘मावां’, ‘मित्रां ने दिल मांगा’, ‘वीरे दिए सालिए’, ‘सच दसां’, ‘आंखियां’ और ‘जमींदार’ जैसे गाने शामिल हैं।