आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 4 हैंडग्रेनेड, 1 RDX-आधारित IED समेत कई उपकरण बरामद
एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा फरार है। उसे पकड़ने के प्रयास जारी
हथियार और विस्फोटक का इस्तेमाल बड़ी आतंकी वारदात अंजाम देने के इरादे से किया जाना था
यह खेप ब्रिटेन स्थित BKI आतंकवादी निशान सिंह उर्फ निशान जोडिया के निर्देश पर रखी गई थी
कार्रवाई पंजाब पुलिस की इंटेलिजेंस व स्पेशल ऑपरेशन टीम की संयुक्त सफलता माना जा रहा
पंजाब पुलिस आतंकी मॉड्यूल को बेअसर करने और शांति एवं सद्भाव तय करने के लिए प्रतिबद्ध
पंजाब डेस्क :
बटाला पुलिस ने बटाला के बलपुरा गाँव से 4 हैंडग्रेनेड (SPL HGR-84), 1 RDX-आधारित IED (2 किग्रा) और संचार उपकरण बरामद करके एक आतंकी मॉड्यूल को नाकाम कर दिया। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा फरार है। उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं। बरामद किए गए हथियार और विस्फोटक का इस्तेमाल किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने के इरादे से किया जाना था। समय रहते की गई इस कार्रवाई ने एक बड़ी घटना को होने से रोक दिया।
सीमा पार साजिश का पर्दाफाश
प्रारंभिक जाँच से पता चलता है कि यह खेप ब्रिटेन स्थित BKI आतंकवादी निशान सिंह उर्फ निशान जोडिया के निर्देश पर रखी गई थी, जो पाकिस्तान की ISI द्वारा समर्थित पाक स्थित आतंकवादी हरविंदर सिंह रिंदा के निर्देशों पर काम कर रहा था। पूरी सीमा पार साजिश का पर्दाफाश करने के लिए जाँच जारी है।
आतंकी मॉड्यूल पर शिकंजा कसा
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से पंजाब पुलिस लगातार ऐसे आतंकी मॉड्यूल पर शिकंजा कस रही है, जिन्हें विदेशों में बैठे गैंगस्टरों और आतंकी संगठनों का समर्थन प्राप्त होने की आशंका जताई जा रही है। इस कार्रवाई को पंजाब पुलिस की इंटेलिजेंस और स्पेशल ऑपरेशन टीम की संयुक्त सफलता माना जा रहा है।
कई अहम सुराग मिल सकते हैं
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि आतंकी नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं। वहीं, फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने आसपास के जिलों में नाकाबंदी कर दी है। पंजाब पुलिस आतंकी मॉड्यूल को बेअसर करने और पंजाब में शांति एवं सद्भाव तय करने के लिए प्रतिबद्ध है।