आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया
पुलिस ने अन्य पीड़ितों से आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील
6.50 लाख रुपये एडवांस दिए, लेकिन न वीजा लगा और न पैसे लौटाए
मामले में होशियारपुर के एजेंट महेश कुमार वर्मा को भी नामजद किया
लुधियाना
लुधियाना में इंग्लैंड भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले ट्रैवल एजेंट लखवीर सिंह सिद्धू और उसकी पार्टनर रीना रानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि दोनों ने कई लोगों से विदेश भेजने का झांसा देकर बड़ी रकम वसूली। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने अन्य पीड़ितों से भी आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।
यूनिवर्सिटी फीस और अन्य खर्चे जमा नहीं किए
आरोपियों ने एएसआई मनोहर लाल के बेटे चरणप्रीत सिंह से 33 लाख रुपये में इंग्लैंड भेजने का सौदा किया। इसके लिए कथित तौर पर पेपर मैरिज भी करवाई गई। लेकिन इंग्लैंड पहुंचने पर पता चला कि यूनिवर्सिटी फीस और अन्य खर्चे जमा नहीं किए गए, जिसके बाद वीजा रद्द कर दिया गया।
एडवांस के बावजूद न वीजा लगा और न पैसे लौटाए
मोगा के मनविंदर सिंह ने भी आरोप लगाया कि उससे और उसकी पत्नी से वर्क परमिट के नाम पर 35 लाख रुपये तय किए गए। उन्होंने 6.50 लाख रुपये एडवांस दिए, लेकिन न तो वीजा लगा और न ही पैसे लौटाए गए। मामले में होशियारपुर के एजेंट महेश कुमार वर्मा को भी नामजद किया है।