पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस
हरियाणा के नारनौल में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
देश के कई हिस्सों में सर्द हवाओं का सितम, घना कोहरा छाएगा
नेशनल डेस्क
मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर अगले कुछ दिनों के लिए चेतावनी जारी की है। पंजाब और हरियाणा में ठंड का प्रकोप चरम पर है। पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं हरियाणा के नारनौल में पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी महसूस की गई। प्रशासन ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने और सुबह-शाम अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी हवाओं और साफ़ आसमान के चलते रात का तापमान तेजी से गिर रहा है, जिससे शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। घना कोहरा भी कई राज्यों में सड़क और हवाई यातायात को प्रभावित कर सकता है। उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम हो गई है।
दिल्ली में खराब है वायु गुणवत्ता
मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर, मध्य और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहेंगे और ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। रविवार सुबह दिल्ली की वायु गुणवत्ता "बेहद खराब" श्रेणी में दर्ज की गई। आईएमडी ने दिन में शीत लहर चलने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, सोमवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 8 से 10°C के बीच रह सकता है।
शीतलहर की स्थिति रह सकती है
विभाग के अनुसार 8 और 9 दिसंबर को मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कई इलाकों में शीत लहर की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं, घना कोहरा 8 और 9 दिसंबर को ओडिशा, 8 से 10 दिसंबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और 8 से 12 दिसंबर के बीच पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में छाने की संभावना है।