परिजनों और आसपास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया
हालत चिंताजनक बता रहे, राजनीतिक माहौल गरमाया
सुरक्षा मांगने के बावजूद पुलिस ने किया नजरअंदाज
मोगा।
पंजाब के मोगा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मोगा नगर निगम के तीन बार के काउंसलर और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नरिंदरपाल सिंह सिद्धू को उनके ही घर में घुसकर गोली मार दी गई। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल भी गर्मा गया है।
मामले की हर पहलू से जांच की जा रही
जानकारी के अनुसार, हमलावर घर में दाखिल हुए और नरिंदरपाल सिंह सिद्धू पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलीबारी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इलाके में नाकाबंदी कर हमलावरों की तलाश की जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
छह माह से पुलिस से सुरक्षा मांग रहे थे
मोगा के कांग्रेस नेता धर्मपाल सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नरिंदरपाल सिंह सिद्धू पिछले छह महीनों से अपनी जान को खतरा बता रहे थे और लगातार पुलिस से सुरक्षा की मांग कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद प्रशासन ने उनकी बातों को नजरअंदाज किया और कोई सुरक्षा उपलब्ध नहीं करवाई।कांग्रेस नेताओं ने इस हमले को कानून-व्यवस्था की बड़ी नाकामी बताया है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।