पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए रोका और बड़ा हादसा टल गया
अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने की कोशिश की
फिलहाल थाना भार्गव कैंप पुलिस कर रही जांच, दोनों पक्षों से पूछताछ
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मामला प्रॉपर्टी के लेन-देन से जुड़ा है
जालंधर
जालंधर के गुरु रविदास चौक पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक व्यक्ति ने खुद को आग लगाने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया और बड़ा हादसा टल गया। व्यक्ति की पहचान सोनू निवासी कोट सदीक के रूप में हुई है। सोनू ने बताया कि उसने इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी है। थाना भार्गव कैंप जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे रोका
जानकारी के अनुसार, गुरु रविदास चौक पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने देखा कि एक व्यक्ति हाथ में कैन लेकर शोर मचा रहा है। एसआई नत्थू सभ्रवाल ने बताया कि उक्त व्यक्ति ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे रोक लिया। इसके बाद उसे थाना भार्गव कैंप भेज दिया गया।
अब तक केवल 3-4 किश्तें ही बकाया
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामला प्रॉपर्टी के लेन-देन से जुड़ा है। सोनू ने आरोप लगाया कि उसने मॉडल हाउस स्थित रिपन ड्रीम होम नामक प्रॉपर्टी डीलर से करीब 4 लाख रुपये में ढाई मरले का प्लॉट खरीदा था और पिछले तीन वर्षों से उसकी किश्तें भर रहा था। उसके अनुसार, अब तक केवल 3-4 किश्तें ही बकाया हैं।
डीलर का जरूरी दस्तावेज देने से मना
पीड़ित का कहना है कि जब वह प्लॉट की रजिस्ट्री करवाने के लिए डीलर के पास पहुंचा तो उसे पता चला कि प्लॉट की रजिस्ट्री उसकी पत्नी के नाम कर दी गई है। उसने आरोप लगाया कि डीलर ने उसे आवश्यक दस्तावेज देने से इनकार कर दिया और दफ्तर से बाहर निकाल दिया। सोनू का दावा है कि प्लॉट की खरीद से संबंधित सभी दस्तावेज और भुगतान उसके नाम पर हैं, इसलिए संपत्ति उसे ही मिलनी चाहिए।