Nautapa's Fury in Punjab and Chandigarh

पंजाब-चंडीगढ़ में नौतपा का कहर

Last Updated: May 26 2026 05:12:14 PM

पंजाब-चंडीगढ़ में नौतपा का कहर : बठिंडा सबसे गर्म, 27 मई तक सीवियर हीटवेव अलर्ट

पंजाब-चंडीगढ़ में नौतपा का कहर

सबसे ज्यादा तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया 

24 घंटों में पारा में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज 

कई शहरों में पारा सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक पहुंचा

समर कैंपों में आउटडोर एक्टिविटी पर रोक लगाई गई है

पंजाब डेस्क

पंजाब और चंडीगढ़ में नौतपा का असर अब तेज़ी से दिखाई देने लगा है। पिछले 24 घंटों में तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कई शहरों में पारा सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक पहुंच गया है। सोमवार को सबसे ज्यादा तापमान बठिंडा में 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि चंडीगढ़ में भी भीषण गर्मी के बीच अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री दर्ज हुआ।

कर्मचारियों का लंच ब्रेक भी डेढ़ बजे के बाद

मौसम विभाग ने पंजाब में 27 मई तक सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में लू और तेज गर्मी के कारण हालात बेहद खराब रहने की संभावना जताई गई है। वही भीषण गर्मी को देखते हुए पंजाब सरकार ने सोमवार से सरकारी दफ्तरों और स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। अब सरकारी स्कूल और कार्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक खुलेंगे। कर्मचारियों का लंच ब्रेक भी डेढ़ बजे के बाद ही होगा।

समर कैंप में आउटडोर गतिविधियों पर रोक

चंडीगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग (CCPCR) ने गर्मी को देखते हुए स्कूलों में चल रहे समर कैंपों में आउटडोर एक्टिविटी पर रोक लगा दी है। आयोग ने निर्देश दिए हैं कि बच्चों को केवल ठंडे और सुरक्षित वातावरण में ही गतिविधियों में शामिल किया जाए। चंडीगढ़ में स्कूल 30 जून तक बंद रहेंगे।

गर्मी से बिजली की मांग में भी भारी उछाल

भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ी है। 25 मई की रात 8:30 बजे तक पंजाब में बिजली की डिमांड 12,295 मेगावाट तक पहुंच गई। पंजाब पावरकॉम ने 5,600 मेगावाट बिजली पैदा की, जबकि 6,600 मेगावाट बिजली केंद्रीय पूल से खरीदी गई।

इन जिलों में हीटवेव का सबसे ज्यादा असर

मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, फिरोजपुर, फाजिल्का, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, पटियाला और मोहाली समेत कई जिलों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है।

28 मई के बाद बदल सकता है मौसम

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान के मुताबिक 27 मई तक मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद 29 और 30 मई को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने गरज-चमक, धूल भरी आंधी, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।

Related to this topic: