इस पहल का उद्देश्य लगभग 35,894 कर्मचारियों को वित्तीय सहायता प्रदान करना
इस वित्तीय वर्ष में अग्रिम का लाभ लेते हैं, तो अनुमानित खर्च 35.89 करोड़ का होगा
वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रारंभिक बजट 20 करोड़ रुपये का प्रबंध किया गया है
वित्त मंत्री ने घोषणा की कि यह राशि 17 अक्टूबर तक खजाने से वितरित की जाएगी
चंडीगढ़ :
पंजाब के वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल चीमा ने पंजाब सरकार की ओर से ग्रुप डी कर्मचारियों के लिए आगामी त्योहारों को मनाने हेतु प्रत्येक कर्मचारी को 10,000 रुपये का ब्याज-मुक्त एडवांस की पेशकश की घोषणा की। इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के मद्देनज़र लगभग 35,894 कर्मचारियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है।
राज्य में 36,065 में से 13,375 ग्रुप डी कर्मचारी ने एडवांस लिया
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान राज्य में 36,065 ग्रुप डी कर्मचारी थे, जिनमें से 13,375 (लगभग 37%) ने यह एडवांस लिया, जिस पर 13,37,50,000 रुपये खर्च हुए। यदि इस वित्तीय वर्ष में योग्य ग्रुप डी कर्मचारी इस अग्रिम का लाभ लेते हैं, तो कुल अनुमानित खर्च 35.89 करोड़ होगा।
यदि आवश्यकता होगी तो अतिरिक्त फंड उपलब्ध कराए जाएंगे
उन्होंने पुष्टि की कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए इस उद्देश्य हेतु प्रारंभिक बजट 20 करोड़ रुपये का प्रबंध किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि अतिरिक्त खर्च की आवश्यकता होगी, तो इस वित्तीय वर्ष के संशोधित अनुमान के माध्यम से अतिरिक्त फंड उपलब्ध कर दिए जाएंगे।
ब्याज-मुक्त एडवांस की अदायगी पांच समान मासिक किश्तों में
दीवाली के त्योहार (20 अक्टूबर) को देखते हुए, वित्त मंत्री ने घोषणा की कि यह राशि 17 अक्टूबर तक खजाने से वितरित कर दी जाएगी। संबंधित कर्मचारियों द्वारा इस ब्याज-मुक्त एडवांस की अदायगी पांच समान मासिक किश्तों में की जाएगी, जिसकी कटौती प्रक्रिया नवंबर 2025 की तनख्वाह से शुरू होगी।