पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से गाड़ियों को हटाया
हादसे में घायल लोगों में से एक की टांग टूटी और बाकी जख्मी
करीब एक घंटे तक हाईवे पर जाम और लोगों को हुई दिक्कत
हादसे के बाद लोगों ने रेस्क्यू किया शुरू व घायलों की मदद की
पंजाब डेस्क
जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर ईस्टवुड विलेज के पास कंटेनर और बजरी से भरे टिप्पर की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में 4 लोग जख्मी हो गए हैं। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से गाड़ियों को हटाया और दोबारा से आवाजाही शुरू हो पाई। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मी मक्खन सिंह ने बताया कि हादसे में घायल लोगों में से एक की टांग टूटी है और अन्य 3 भी बुरी तरह जख्मी हैं।
टक्कर के बाद कई गाड़ियां आपस में टकराईं
दोनों गाड़ियों में टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास चल रही कई अन्य गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गई। हादसे के कारण कई गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और गाड़ियों की लाइनें लग गईं। हादसे के तुरंत बाद लोगों ने रेस्क्यू करना शुरू किया और घायलों की मदद की।
ड्राइवर को नींद आने के कारण हुआ हादसा
इनके नाम पता नहीं चल पाएं हैं क्योंकि तीनों ही जख्मी होने के कारण कुछ भी बता नहीं पा रहे थे। हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना है। लुधियाना साइड से आ रहे वाहन चालक को नींद आ गई जिससे उसका वाहन डिवाइडर पार कर जालंधर से लुधियाना साइड जा रहे टिप्पर से जा टकराया।