Severe heatwave grips Punjab and Chandigarh

पंजाब-चंडीगढ़ में भीषण गर्मी का कहर

Last Updated: June 10 2026 05:37:33 PM

पंजाब-चंडीगढ़ में भीषण गर्मी का कहर, 9 जिलों में हीटवेव अलर्ट,पहली बार तापमान 46.8॰C पहुंचा

पंजाब-चंडीगढ़ में भीषण गर्मी का कहर

प्रदेश के तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज

बठिंडा में सबसे अधिक 46.8° सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड 

11 जून से कई जिलों में मौसम के बदलने की जताई आस

मानसून के जून के अंतिम सप्ताह पंजाब पहुंचने के चांस

पंजाब डेस्क

पंजाब और चंडीगढ़ में भीषण गर्मी का दौर जारी है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के 9 जिलों और चंडीगढ़ में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक है। बठिंडा में सबसे अधिक 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो जून महीने का अब तक का सबसे ऊंचा तापमान है।

11 जून से मौसम में दिखेगा बदलाव 

मौसम विभाग के अनुसार फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर जिलों में हीटवेव चलने की संभावना है। फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन 11 जून से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

तेज गर्मी का असर बिजली खपत पर 

तेज गर्मी का असर बिजली खपत पर भी दिखाई दे रहा है। 9 जून को पंजाब में बिजली की मांग 15,500 मेगावाट तक पहुंच गई, जो इस सीजन की सबसे अधिक मांग रही। वहीं, सरकार ने 15 जुलाई तक सरकारी कार्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया है, जबकि स्कूल 30 जून तक बंद रहेंगे।

गरज-चमक और ओलावृष्टि संभव

11 जून से कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। 12 और 13 जून को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि इस बदलाव से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत की उम्मीद है।

पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में असर

मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, 12 से 14 जून के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश, तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मानसून के जून के अंतिम सप्ताह में पंजाब पहुंचने की संभावना जताई गई है।

Related to this topic: