बोर्ड ने पंजाब समेत संबंधित राज्यों से अपनी हिस्सेदारी का पानी लेने की अपील की
यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में बाढ़ स्थिति पैदा हो सकती है
दूसरी ओर लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल प्रबंधन एजेंसियां सतर्क हो गई हैं
जलस्तर को नियंत्रित रखने और संभावित खतरे से बचाव के लिए की जा रही समीक्षा
पंजाब डेस्क
पंजाब में मानसून आने से पहले ही भाखड़ा बांध को लेकर चिंता बढ़ गई है। भाखड़ा बांध में पानी का स्तर तेजी से बढ़ने के बाद भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) ने अलर्ट जारी किया है। बोर्ड ने पंजाब समेत संबंधित राज्यों से अपनी हिस्सेदारी का पानी लेने की अपील की है। अधिकारियों का मानना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।
भाखड़ा बांध का जलस्तर 1578 तक पहुंचा
जानकारी के अनुसार भाखड़ा बांध का जलस्तर इस समय 1578.07 फीट तक पहुंच गया है। यह स्तर पिछले वर्ष की तुलना में करीब 21.47 फीट अधिक बताया जा रहा है। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल प्रबंधन एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के दौरान और अधिक पानी आने की संभावना रहती है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
अतिरिक्त पानी उपयोग करने की सलाह
भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड ने संबंधित राज्यों को समय रहते अतिरिक्त पानी उपयोग करने की सलाह दी है ताकि बांध पर दबाव कम किया जा सके। पंजाब सरकार की ओर से अपनी पानी संबंधी मांग पहले ही भेजी जा चुकी है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने को कहा है। फिलहाल जलस्तर को नियंत्रित रखने और संभावित खतरे से बचाव के लिए लगातार समीक्षा की जा रही है।