अशोक सरीन हिक्की के नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती देने की तैयारी, भाजपा कोर ग्रुप की बैठक
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई
पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे : अशोक सरीन
पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा ने नई जिम्मेदारी मिलने पर दी शुभकामनाएं
जालंधर की चारों सीटों पर पार्टी को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा
जालंधर
भारतीय जनता पार्टी जालंधर (शहरी) के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की के सम्मान में स्थानीय होटल में भाजपा कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा ने की। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक गतिविधियों और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
सुशील बोले- हिक्की के नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा
पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा ने अशोक सरीन हिक्की को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने एक समर्पित, अनुभवी और कर्मठ कार्यकर्ता को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विश्वास जताया कि हिक्की के नेतृत्व में भाजपा जालंधर शहरी संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में जालंधर की चारों सीटों पर पार्टी को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रत्येक कार्यकर्ता का समर्पण ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के दम पर आगे बढ़ने वाला संगठन है और प्रत्येक कार्यकर्ता का समर्पण ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को तेज करने का आह्वान किया ताकि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाया जा सके।
अशोक सरीन ने बूथस्तर तक संगठन मजबूत करने पर दिया जोर
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान देना और भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। बैठक में जानकारी दी गई कि अशोक सरीन हिक्की 25 जुलाई (शनिवार) शाम 5 बजे स्थानीय भाजपा कार्यालय, सर्कुलर रोड, शीतला माता मंदिर के निकट, जालंधर में जिला अध्यक्ष पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण करेंगे।
बैठक में गणमान्य अतिथियों के साथ कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे
बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया, भाजपा पंजाब के प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण देव भंडारी, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, सरबजीत सिंह मक्कड़, कर्मजीत कौर चौधरी, कैंट बोर्ड के सिविल सदस्य पुनीत शुक्ला, रमन पब्बी, जिला महामंत्री राजेश कपूर, अमरजीत सिंह गोल्डी और जिला सचिव अमित भाटिया सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।