जालंधर में घर में घुसकर युवक पर हमला, मारपीट के बाद कार में जबरन ले गए बदमाश; पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुरक्षित बचाया
घटना की सूचना परिवार की ओर से 112 हेल्पलाइन पर दी गई
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है
पुलिस ने परिवार और मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए
वहीं पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है
जालंधर
जालंधर शहर के भार्गव कैंप इलाके में देर रात गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। आरोप है कि 5 से 7 अज्ञात युवक एक घर में जबरन घुस गए और वहां मौजूद शुभम नाम के युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी उसे जबरन अपनी कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना की सूचना परिवार की ओर से 112 हेल्पलाइन पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिवार और मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों और उनकी गाड़ी की पहचान की जा सके।
दरवाजा खटखटाकर जबरन घुसे घर के अंदर
परिजनों के मुताबिक, रविवार रात शुभम घर की छत पर मौजूद था। इसी दौरान कुछ युवकों ने घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही आरोपी जबरन घर के अंदर दाखिल हो गए। आरोप है कि उन्होंने शुभम को छत से नीचे खींचकर लाया और उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। परिजनों ने बताया कि जब उन्होंने बीच-बचाव करते हुए हमले की वजह जानने की कोशिश की तो आरोपियों ने कोई जवाब नहीं दिया।
कुछ ही घंटों में शुभम सुरक्षित बरामद किया
मारपीट के बाद युवक को जबरन कार में बैठाया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन जयंत पुरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू करवाई। पुलिस की कई टीमें तुरंत सक्रिय की गईं और युवक की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस की तुरंत कार्रवाई के चलते कुछ ही घंटों में शुभम को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।