सावन के पहले सोमवार पर शिव मंदिरों में उमड़ी आस्था, कांवड़ियों की भारी भीड़
सुबह से ही मंदिरों में दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु लंबी कतारों में
बाबा बैद्यनाथ धाम में कांवड़ियों की लाइन करीब 5 किमी तक पहुंच गई है
उधर सावन के सोमवार को लेकर मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है
दूसरी ओर पुरी बीच पर रेत से भगवान शिव की विशाल आकृति बनाई गई
सावन के पहले सोमवार को देशभर के शिव मंदिरों और ज्योतिर्लिंगों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही मंदिरों में दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े हैं। कांवड़ियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ धाम में कांवड़ियों की लाइन करीब 5 किलोमीटर तक पहुंच गई है। वहीं, बिहार के बांका में बाबा ज्येष्ठ गौर नाथ महादेव मंदिर में जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालु रात 2 बजे से ही लाइन में लगना शुरू हो गए थे। मंदिर में करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।
मुजफ्फरनगर में 10 तक स्कूल बंद
कांवड़ यात्रा को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सभी स्कूल और कॉलेज 3 से 10 अगस्त तक बंद रहेंगे। प्रशासन का कहना है कि इससे कांवड़ियों की आवाजाही सुचारु रखने में मदद मिलेगी।
केदारनाथ में बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या
उत्तराखंड के केदारनाथ में आज 1,500 से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे। इससे पहले यहां रोजाना करीब 1,000 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। सावन के सोमवार को लेकर मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है।
हरिद्वार में कांवड़ियों का भव्य स्वागत
हरिद्वार में भी बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगाजल लेने पहुंच रहे हैं। जिला मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित और SSP नवनीत सिंह ने कांवड़ियों का स्वागत किया और उन पर फूल बरसाए।
रेत से बनाई भगवान शिव की आकृति
ओडिशा के मशहूर सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने पुरी बीच पर रेत से भगवान शिव की विशाल आकृति बनाई है। सावन के पहले सोमवार पर बनाई गई यह कलाकृति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।