जालंधर में तेज रफ्तार कार ने मजदूरों को कुचला, तीन गंभीर रुप से घायल; नशे में ड्राइविंग का आरोप
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग तक खुल गए
पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार कब्जे में लेकर मामले की जांच की
असली वजह जानने हेतु प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही
बड़ी संख्या में एकत्रित होकर लोगों ने जमकर हंगामा मचाया
जालंधर
जालंधर के बस्ती बावा खेल के राजनगर इलाके में शनिवार को तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे काम कर रहे मजदूरों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग तक खुल गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 3 मजदूर गंभीर रुप से घायल हो गए। घायल मजदूरों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की असली वजह जानने के लिए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है।
लोगों ने लगाया नशे में ड्राइविंग का आरोप
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों और मजदूरों के साथियों ने चालक के दावे पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कार काफी तेज रफ्तार में थी और चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था। हालांकि, नशे में होने की बात की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
ड्राइवर बोला-टायर फटने से हुआ हादसा
कार तेज रफ्तार से कपूरथला रोड की तरफ जा रही थी। अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार गटर और पेड़ की ओर जा चढ़ी। वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक से पूछताछ की। चालक ने दावा किया कि वह सामान्य गति से गाड़ी चला रहा था। सड़क पर टूटे गटर या बाहर निकले लोहे के सरिए से टकराने के कारण कार का टायर अचानक फट गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर मजदूरों से जा टकराई।