स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, राहगीर ने वीडियो बनाकर ट्रैफिक पुलिस को भेजा
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन के नंबर से कार की जानकारी निकाली और तकनीकी जांच के जरिए ट्रेस किया
वायरल वीडियो कमिश्नरेट पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे का है : इंस्पेक्टर संजीव कुमार
माता-पिता को अपने बच्चों पर ध्यान देना चाहिए और यात्रा के दौरान ऐसी हरकतें करने से रोकना चाहिए
पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगली बार इस तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी
जालंधर।
नेशनल हाईवे पर एक चलती कार में सवार दो बच्चों द्वारा सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस खतरनाक हरकत का वीडियो एक राहगीर ने बनाकर ट्रैफिक पुलिस को भेजा। वीडियो मिलते ही ट्रैफिक पुलिस ने वाहन के नंबर से कार की जानकारी निकाली और तकनीकी जांच के जरिए चालक को ट्रेस किया। बाद में उसे थाने बुलाकर चालान काटा गया और गलती का एहसास करवाया गया।
सनरूफ खोलकर खतरनाक स्टंट
ट्रैफिक इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि यह वीडियो कमिश्नरेट पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे का है। वीडियो में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि दो बच्चे कार की सनरूफ से बाहर निकले हुए थे और सड़क पर तेज रफ्तार से चल रही गाड़ियों के बीच खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहे थे। यह न केवल बच्चों की जान के लिए जोखिमभरा था, बल्कि सड़क पर अन्य वाहनों के लिए भी खतरा पैदा कर रहा था।
इस तरह लापरवाही बर्दाश्त नहीं
पुलिस ने वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि माता-पिता को अपने बच्चों पर ध्यान देना चाहिए और उन्हें वाहन चलाते समय या यात्रा के दौरान ऐसी हरकतें करने से रोकना चाहिए। पुलिस ने दोहराया कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।