ज्योति नूरां के पति उस्मान उर्फ अभि ने चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं
फायरिंग किसके कहने और किस मकसद से की गई, स्पष्ट नहीं किया
उनसे और ज्योति नूरां से 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी जा रही है
वहीं व्हाट्सएप कॉल के जरिए जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं
कई बार संदिग्ध लोग रात के समय घर के बाहर चक्कर लगाते देखे
कॉल नंबर की जानकारी दी गई, लेकिन कॉलर का पता नहीं चल पाया
संपत नेहरा लॉरेंस बिश्नोई गैंग का भरोसेमंद शार्पशूटर माना जाता है
जालंधर
जालंधर में पंजाब की मशहूर सूफी सिंगर ज्योति नूरां के घर के बाहर कथित फायरिंग मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जहां एडीसीपी आकर्षि ने प्रेस वार्ता में कहा था कि गायक के घर के बाहर कोई फायरिंग नहीं हुई, वहीं दूसरी ओर ज्योति नूरां के पति उस्मान उर्फ अभि ने चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। इस बीच, ज्योति नूरां के पति ने यह भी दावा किया कि पुलिस ने दो दिन पहले घर के बाहर फायरिंग करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि फायरिंग किसके कहने पर और किस मकसद से की गई थी।
मांग संपत नेहरा के नाम से की जा रही मांग
उस्मान ने बताया कि उनसे और ज्योति नूरां से 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। यह मांग संपत नेहरा के नाम से की जा रही है। अभि के मुताबिक, फिरौती न देने पर लगातार व्हाट्सएप कॉल के जरिए जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उनका दावा है कि दो दिन पहले घर के बाहर हुई फायरिंग भी इसी डराने-धमकाने की साजिश का हिस्सा हो सकती है।
संदिग्ध लोग घर के बाहर चक्कर लगाते हैं
उस्मान ने यह भी बताया कि इससे पहले कई बार संदिग्ध लोग रात के समय घर के बाहर चक्कर लगाते देखे गए हैं। इस संबंध में कमिश्नरेट पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन छह महीने से ज्यादा समय बीतने के बावजूद किसी आरोपी को ट्रेस नहीं किया जा सका। दो दिन पहले की घटना के बाद भी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच का भरोसा देकर लौट गई।
अब तक डराने की तीन से अधिक कोशिशें
अभि के अनुसार, अब तक डराने की तीन से अधिक कोशिशें हो चुकी हैं, जबकि फायरिंग की घटना पहली बार सामने आई है। फिरौती मांगने वाले खुद को संपत नेहरा बताते हुए पैसे न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। कॉल करने वाले नंबर की जानकारी भी पुलिस को दी गई है, लेकिन अभी तक कॉलर का पता नहीं चल पाया है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी संपत नेहरा
संपत नेहरा लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी और भरोसेमंद शार्पशूटर माना जाता है। वह गैंग के लिए फिरौती वसूली, धमकी और हत्या जैसे मामलों को संभालता रहा है। इससे पहले सलमान खान के घर फायरिंग मामले में भी उसका नाम सामने आ चुका है। संपत नेहरा को जून 2018 में हरियाणा पुलिस की एसटीएफ ने हैदराबाद से गिरफ्तार किया था। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि जेल के अंदर भी अपने नेटवर्क के जरिए सक्रिय है।