जालंधर पुलिस एनकाउंटर में शूटर अरेस्ट, पुलिस और शूटर के बीच चली गोलियां, पुलिस कमिश्नर ने किए बड़े खुलासे
नाकाबंदी कर पकड़ने की कोशिश में पुलिस पर ही फायरिंग की
जवाबी कार्रवाई में आरोपी योद्धा उर्फ लब्बू हुआ घायल, गिरफ्तार
आरोपी ने 2-3 महीने पहले वरदान अस्पताल पर फायरिंग की थी
शूटर का फायरिंग मामले और रंगदारी की घटनाओं से क्या संबंध
जालंधर
जालंधर के शाहपुर में शूटर एनकाउंटर के मामले में अब पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह का बयान सामने आया है। उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर कहा कि आरोपी ने 2-3 महीने पहले वरदान अस्पताल पर फायरिंग की थी। जब इसे नाकाबंदी कर पकड़ने की कोशिश की गई तो इसने पुलिस पर ही फायरिंग कर दी। जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी योद्धा उर्फ लब्बू घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
लक्की पटियाल के कहने पर चलाई थी गोलियां
सीपी ने आगे बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लक्की पटियाल के कहने पर अस्पताल के बाहर फायरिंग की थी। जांच के दौरान आरोपी के अन्य साथियों के बारे में पता चला है। आरोपी योद्धा मोगा सहित कई जगहों पर वारदात को अंजाम दे चुका है। मोगा, मोहाली सहित अन्य पुलिस में योद्धा वाटेंड चल रहा था। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि गिरफ्तार शूटर का उस फायरिंग मामले और रंगदारी की घटनाओं से क्या संबंध है।
कनाडा में बैठे व्यक्ति के कहने पर हुई फायरिंंग
वहीं पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वरदान अस्पताल पर फायरिंग के मामले में मुख्य आरोपी कनाडा का रहने वाला है और उसका अस्पताल के साथ कोई विवाद चल रहा था। ऐसे में उक्त व्यक्ति ने पैसे देकर अस्पताल पर फायरिंग करवाई थी। ऐसे में उक्त व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आरोपी पीओ करार है और जांच में सामने आया है कि लाखों की फिरौती की मांग की गई थी। ऐसे में अब आरोपी से पूछताछ में पता चलेगा कि उसे कितने पैसे काम के बदले में मिले थे।