हर जगह पेशेवर और निष्पक्ष तरीके से काम किया जाए
चुनाव ड्यूटी के लिए कम से कम 75% पुलिस बल उतारें
असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया
पड़ोसी राज्यों के डीजीपी से भी सुरक्षा बढ़ाने का आग्रह
कुल 13,395 मतदान केंद्र और 18,718 पोलिंग बूथ बनाए
जालंधर/चंडीगढ़ :
राज्य में होने वाले जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों को देखते हुए पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा है कि पंजाब पुलिस पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि चुनाव को शांत माहौल में करवाने के लिए 44,000 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। पंजाब में ये चुनाव 14 दिसंबर को होंगे और 17 दिसंबर को मतगणना के बाद नतीजे आएंगे।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस को सख्त निर्देश
डीजीपी गौरव यादव ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करवाया जाए। हर जगह पेशेवर और निष्पक्ष तरीके से काम किया जाए। कानून एवं व्यवस्था के विशेष डीजीपी अर्पित शुक्ला ने बताया कि जिलों को निर्देश दिया गया है कि चुनाव ड्यूटी के लिए कम से कम 75% पुलिस बल मैदान में उतारा जाए।
जनता में भरोसा बढ़ाने के लिए फ्लैग मार्च
पूरे राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सभी एसएसपी/सीपी को असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। जनता में भरोसा बढ़ाने के लिए फ्लैग मार्च निकालने के निर्देश दिए गए हैं। अंतर-राज्यीय और अंतर-जिला नाकों (चेकपोस्ट) को मजबूत किया गया है। पड़ोसी राज्यों के डीजीपी से भी सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने का आग्रह किया गया है।
मतदान केंद्रों की सुरक्षा और सख्त निगरानी
राज्य में कुल 13,395 मतदान केंद्र और 18,718 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। चुनाव आयोग द्वारा सुरक्षा प्रबंधों के मद्देनजर इनमें से 860 बूथ अति-संवेदनशील, जबकि 3,405 बूथ संवेदनशील घोषित किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त और सख्त निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।