बहबल कलां गोलीकांड मामले में SIT पेशी, पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला बोले- जांच में करेंगे पूरा सहयोग
विजय सांपला सोमवार को जालंधर के पीएपी कॉम्प्लेक्स में SIT के सामने पेश हुए
आप सरकार पर निशाना, राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से मामला आगे बढ़ा रही
सांपला बोले-उन्हें अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया जांच में उनकी भूमिका क्या है
SIT से केस की प्रति मांगी है और पूछा है उन्हें किस आधार पर पूछताछ को बुलाया
पंजाब डेस्क
2015 के बहुचर्चित बेअदबी और बहबल कलां गोलीकांड मामलों की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला सोमवार को जालंधर स्थित पीएपी कॉम्प्लेक्स में SIT के सामने पेश हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह जांच एजेंसी को पूरा सहयोग देंगे। मीडिया से बातचीत करते हुए विजय सांपला ने कहा कि इस मामले में भारतीय जनता पार्टी का सीधे तौर पर कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से इस मामले को आगे बढ़ा रही है।
समन प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल
सांपला ने कहा कि उन्हें समन देने पहुंचे अधिकारियों को भी यह स्पष्ट जानकारी नहीं थी कि उन्हें किस अधिकारी के समक्ष पेश होना है। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें बताया गया कि मामले की जांच नौनिहाल सिंह देख रहे हैं, लेकिन बाद में जानकारी मिली कि वह जांच टीम का हिस्सा ही नहीं हैं। इसके बाद पता चला कि मामले की निगरानी डीआईजी प्रमोद कर रहे हैं।
2015 में सौंपे गए मांगपत्र का जिक्र
विजय सांपला ने कहा कि जांच के दौरान उन्हें बताया गया कि उन्होंने वर्ष 2015 में राज्यपाल को एक मांग पत्र सौंपा था। इस पर उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहते हुए उन्होंने सैकड़ों मांग पत्र सौंपे हैं। उस समय पंजाब में अकाली-भाजपा गठबंधन की सरकार थी। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित मामला 2015 का है, जबकि वह 2016 में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बने थे।
केस में बुलाने का कारण भी पूछा
सांपला ने कहा कि उन्होंने SIT से केस की प्रति मांगी है और यह भी पूछा है कि उन्हें मामले में किस आधार पर पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि जांच में उनकी भूमिका क्या है, लेकिन इसके बावजूद वह जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि SIT ने विजय सांपला को थाना बाजाखाना में 14 अक्टूबर और 21 अक्टूबर 2015 को दर्ज मामलों के संबंध में पूछताछ के लिए बुलाया था।