आरोपी की पहचान सरवन, निवासी रतन नगर बस्ती बावा खेल के तौर पर हुई
पूछताछ में आरोपी ने कॉलेज में लगातार दो दिन चोरी करने की बात कबूल की
सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही
जालंधर
जालंधर के DAV कॉलेज में लगातार दो दिन हुई चोरी की घटना को पुलिस ने सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की गई मोटरें और सिलेंडर भी बरामद कर लिए हैं। चोरी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोर दीवार फांदकर आराम से चोरी की वारदात को अंजाम देता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सरवन, निवासी रतन नगर बस्ती बावा खेल के तौर पर हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कॉलेज में लगातार दो दिन चोरी करने की बात कबूल कर ली है। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पहले मोटर, फिर गैस सिलेंडर चुराए
चोरी की घटना को आराम से और प्लान करके अंजाम दिया गया। कॉलेज के प्रोफेसर सौरभ राज ने थाना डिवीजन-1 में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। फुटेज में चोर को बड़े आराम से मोटर चोरी करते हुए देखा गया। वह चोरी का सामान दीवार पर रखता है और फिर बैक गेट के पास पैर रखकर दीवार फांदकर निकलता है, और सामान लेकर चला जाता है। 28 नवंबर को, वह फिर दीवार फांदकर कॉलेज परिसर में घुसा और एक गैस सिलेंडर चोरी कर ले गया।
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी
थाना डिवीजन-1 के ASI कुलविंदर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी से आरोपी की फोटो निकालकर लोगों से शिनाख्त कराई गई, जिसके बाद आरोपी की पहचान हो सकी। आरोपी कॉलेज के पास गंदे नाले के आसपास रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम देता है। पुलिस ने उस स्थान पर टीम तैनात कर जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी रेकी करने के लिए गंदे नाले के पास आया, पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया।